कैरोलिन लेविट का ‘शॉट्स फायर’ बयान हुआ वायरल, असली फायरिंग से जुड़कर उठे सवाल
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक फायरिंग से हड़कंप मच गया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया और आरोपी को पकड़ लिया. घटना से पहले प्रेस सचिव का “शॉट्स फायर” वाला बयान वायरल हो गया, जिसे लोग अब असली फायरिंग से जोड़कर देख रहे हैं.

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर उस समय अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब कार्यक्रम के दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी. यह आयोजन हिल्टन होटल में हो रहा था, जहां डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े नेता और अधिकारी मौजूद थे.
घटना के बाद अफरा-तफरी
अचानक हुई इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने तेजी दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना के साथ ही एक और पहलू चर्चा में आ गया है. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो कार्यक्रम शुरू होने से कुछ समय पहले का है, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि “आज रात कुछ शॉट्स फायर होंगे.” उनका यह बयान उस समय राजनीतिक व्यंग्य के रूप में लिया गया था, लेकिन बाद में वास्तविक गोलीबारी की घटना के कारण यह टिप्पणी लोगों के बीच सवाल खड़े कर रही है.
दरअसल, लेविट कार्यक्रम के माहौल को लेकर बात कर रही थीं. जब उनसे पूछा गया कि रात कैसी रहने वाली है, तो उन्होंने कहा कि यह शाम बेहद दिलचस्प होगी और ट्रंप अपने भाषण से माहौल में जोश भर देंगे. उन्होंने ‘शॉट्स फायर’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए इसे एक तरह के राजनीतिक तंज के रूप में पेश किया था, लेकिन संयोगवश उसी रात हुई फायरिंग ने उनके बयान को और अधिक चर्चा में ला दिया.
🚨 JUST NOW: Karoline Leavitt calls on everyone to watch tonight because Donald Trump will bring the heat and there will be “shots fired”
— MAGA Voice (@MAGAVoice) April 25, 2026
LET’S FREAKING GO 🔥 pic.twitter.com/GMkccJ7qvw
वहीं, फायरिंग के दौरान हॉल में करीब 2600 लोग मौजूद थे. जैसे ही गोलियों की आवाज आई, लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिप गए. होटल स्टाफ ने भी तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने का प्रयास किया. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया.
ट्रंप ने क्या जानकारी दी?
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि हालात अब नियंत्रण में हैं और सभी सुरक्षित हैं. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद तेजी और साहस के साथ कार्रवाई की. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि कार्यक्रम को जारी रखने पर भी विचार किया जा सकता है, हालांकि अंतिम निर्णय सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही लिया जाएगा.


