नई दिल्ली: सर्दियों का मौसम आते ही खानपान की आदतों में बदलाव देखने को मिलता है. इस दौरान लोग शरीर को गर्म रखने और एनर्जी बढ़ाने के लिए ड्राई फ्रूट्स को अपनी डाइट में शामिल करते हैं. गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में इनका सेवन ज्यादा बढ़ जाता है और कई लोग इन्हें रोजाना खाने लगते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या ड्राई फ्रूट्स रोज खाना वाकई फायदेमंद है या इसके कुछ नुकसान भी हो सकते हैं?
ड्राई फ्रूट्स को पोषण का पावरहाउस माना जाता है, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा सेवन शुगर और वजन बढ़ने जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि इन्हें कितनी मात्रा में खाना चाहिए और किन लोगों को इनसे दूरी बनानी चाहिए.
ड्राई फ्रूट्स शरीर को गर्मी और तुरंत एनर्जी देने का काम करते हैं. इनमें विटामिन, मिनरल और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं. फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करता है, जबकि अखरोट और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स को दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
सर्दियों में रोजाना ड्राई फ्रूट्स खाने के कोई नुकसान तो नहीं हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. डॉक्टर बताते है कि जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर ये फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकते हैं. शुरुआत में भले ही कोई समस्या न दिखे, लेकिन लगातार अधिक मात्रा में खाने से परेशानी हो सकती है.
एक सामान्य व्यक्ति को दिन में करीब 30 ग्राम ड्राई फ्रूट्स खाने चाहिए. इससे अधिक मात्रा लेने की जरूरत नहीं होती. हां, अगर कोई एथलीट है या शरीर को विटामिन की जरूरत ज्यादा है, तो यह मात्रा 50 ग्राम तक बढ़ाई जा सकती है. कई लोग यह भी मानते हैं कि ड्राई फ्रूट्स प्रोटीन का अच्छा स्रोत होते हैं, लेकिन डॉक्टर के अनुसार ऐसा पूरी तरह सही नहीं है. किसी भी ड्राई फ्रूट की 100 ग्राम सर्विंग में 16 ग्राम से ज्यादा प्रोटीन नहीं होता. यानी 30 ग्राम मेवा खाने से प्रोटीन बहुत कम मात्रा में ही मिलता है.
सभी ड्राई फ्रूट्स वजन और शुगर नहीं बढ़ाते, लेकिन किशमिश और खजूर का ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है. इन ड्राई फ्रूट्स में कैलोरी और फैट की मात्रा अधिक होती है. जरूरत से ज्यादा खाने पर यह वजन और ब्लड शुगर लेवल दोनों बढ़ा सकते हैं. जो लोग पहले से मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें रोजाना ड्राई फ्रूट्स खाने से बचना चाहिए. हालांकि, कभी-कभी सीमित मात्रा में सेवन किया जा सकता है.
कुछ लोगों को ड्राई फ्रूट्स खाने से विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. पाचन संबंधी समस्याओं, स्किन एलर्जी, अस्थमा और डायबिटीज के मरीजों को ड्राई फ्रूट्स खाने से बचना चाहिए. इसके अलावा किडनी से जुड़ी समस्या या एलर्जी वाले लोगों के लिए खासतौर पर काजू नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे मरीजों को काजू बिल्कुल नहीं खाना चाहिए, जबकि अन्य ड्राई फ्रूट्स से उतना नुकसान नहीं होता.
सर्दियों में ड्राई फ्रूट्स शरीर के लिए फायदेमंद जरूर हैं, लेकिन इनका सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए. जरूरत से ज्यादा मेवा खाना फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इन्हें अपनी डाइट में शामिल करें.
Disclaimer:- इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है. किसी भी तरह की डाइट या हेल्थ रूटीन शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
First Updated : Wednesday, 31 December 2025