Delhi Fire Highlights: मालवीय नगर अग्निकांड में 21 की मौत के बाद बिल्डिंग का मालिक फरार, 10 पुलिसकर्मी भी घायल
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की जान चली गई है। इस घटना के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं। जिस होटल में आग लगी उसमें ज्यादातर विदेशी थे और इसके बेहद करीब मैक्स अस्पताल है। फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू तो पा ली है लेकिन जब तक वो अपनी पूरी प्रक्रिया करते तब तक 21 लोगों की जान चली गई।
DELHI FIRE HIGHLIGHTS: आज सुबह-सुबह दिल्ली एक तरह दहल गई। एक अग्निनकांड ने 21 लोगों की जिंदगी ले ली। घटना दिल्ली के मालवीय नगर की है जिसे पॉश इलाका भी कहा जाता है। इसके बेहद करीब देश का एक बड़ा अस्पताल मैक्स हॉस्पीटल भी है। बताया जा रहा है कि जिस होटल में आग लगी वहां पर ज्यादातर विदेशी नगारिक थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल तो लिया लेकिन तब तक इस आग ने कई लोगों को लील लिया। इस पूरे घटना की जांच जारी है। होटल के मालिक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
19:19 PM (4 days ago )
बांग्लादेश हाई कमीशन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की
बांग्लादेश हाई कमीशन ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हाई कमीशन ने बताया कि अब तक पांच बांग्लादेशी नागरिकों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
18:56 PM (4 days ago )
सीलबंद खिड़कियाँ, बंद निकास द्वार: मालवीय नगर का होटल बना मौत का जाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीलबंद शीशे की खिड़कियाँ, सेंसर से चलने वाले दरवाज़े जो आग लगने के दौरान काम करना बंद कर गए, कमरों में क्षमता से ज़्यादा लोग और आग से सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन: इन सबने बुधवार, 03 जून 2026 को मालवीय नगर के एक होटल को मौत का जाल बना दिया। धुएँ और लपटों ने तेज़ी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर फँसे दर्जनों लोगों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा।
18:29 PM (4 days ago )
BJP सांसद रामवीर बिधूड़ी ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
दिल्ली BJP सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मालवीय नगर में लगी आग को एक "भयानक त्रासदी" बताया और इस घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
18:07 PM (4 days ago )
निवासियों ने मदद पहुंचने में देरी का आरोप लगाया, DFS ने आरोप से इनकार किया
बुधवार को निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की जगह पर दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं। उनका दावा था कि अगर मदद जल्दी पहुंचती तो कई जानें बचाई जा सकती थीं, हालांकि इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने इस आरोप को खारिज कर दिया।
18:06 PM (4 days ago )
दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड में 10 पुलिसकर्मी भी हुए घायल
साउथ दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने के बाद बचाव कार्य में जूटे लगभग 10 पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर सामने आ रही है।
18:02 PM (4 days ago )
मालवीय नगर आग हादसे के बाद मालिक लवकेश बजाज हुए फरार
मालवीय नगर आग हादसे के मुख्य आरोपियों में से एक लवकेश बजाज अभी भी फरार है। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी। प्राप्त जानकारियों के मुताबिक बजाज का दिल्ली के साकेत इलाके में एक आलीशान बंगला है।
17:36 PM (4 days ago )
दिल्ली LG सक्सेना ने मीटिंग बुलाई
दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) वीके सक्सेना शाम को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ घटना का रिव्यू करने के लिए एक हाई-लेवल मीटिंग करेंगे।इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने भी इस घटना के संबंध में गैर-इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दूसरी संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।
17:35 PM (4 days ago )
कूदने के कारण कई मरीजों को फ्रैक्चर
मैक्स हेल्थकेयर ग्रुप के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुद्धिराजा ने कहा कि डॉक्टर ने आगे कहा कि आग से बचने के लिए ऊपरी मंजिल से कूदने के कारण कई मरीजों को फ्रैक्चर हो गया। ज्यादातर मरीजों को हड्डियों और पेल्विक हड्डियों में फ्रैक्चर हुए। एक मरीज की रीढ़ की हड्डी में चोट है और उसकी न्यूरोसर्जरी हो रही है।
17:22 PM (4 days ago )
मरने वालों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक के नागरिक
दिल्ली के होटल में आग लगने से मरने वालों में ज़्यादातर लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक हैं।अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
17:21 PM (4 days ago )
एक मरीज को सफदरजंग हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में शिफ्ट किया
मैक्स हेल्थकेयर ग्रुप के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुद्धिराजा ने कहा कि आग में घायल हुए आठ मरीज अभी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनमें से ज़्यादातर को एस्फिक्सिएशन इंजरी हुई है, जो धुएं में सांस लेने से होती है। एक मरीज 25 परसेंट से ज़्यादा जला है। उसे सफदरजंग हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में शिफ्ट कर दिया। पांच मरीज स्टेबल हैं और उन्हें हल्की चोटें आई थीं।
17:00 PM (4 days ago )
मालवीय नगर घटना पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने जताया दुख
मालवीय नगर की घटना पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, 'मालवीय नगर, दिल्ली के एक होटल में आग लगने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु एवं करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। कांग्रेस के साथियों से मेरी अपील है कि कृपया प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें।'
16:59 PM (4 days ago )
आग की घटना पर बोले कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव
मालवीय नगर की घटना बेहद दुखद है। रेखा सरकार समेत पूरे सिस्टम की लापरवाही और उपेक्षा ने 20 से अधिक जिंदगियों को निगल लिया है। जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी।
16:57 PM (4 days ago )
मेरे बेटी समेत घर से तीन लोग लापता हैं- दिल्ली अग्निकांड पर पीड़ित परिवार का छलका दर्द
मालवीय नगर आग हादसे पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने कहा कि मेरी एक बेटी है, तारिणी अग्रवाल, जिसकी उम्र 42 साल है। उसकी दो बेटियां हैं- एंजल, जो 20 साल की है, और उसकी छोटी बेटी, जो 17 साल की है। हमें नहीं पता कि वे कहां हैं। तीनों ही लापता हैं। मुझे पुलिस से भी फोन आया था। अस्पताल प्रशासन हमें कुछ भी नहीं बता रहा है।
16:53 PM (4 days ago )
केजरीवाल ने मौतों पर जताया शोक
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'दिल्ली के मालवीय नगर में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। आज मालवीय नगर में इतनी बड़ी घटना हो गई। 20 लोगों की मौत की दुखद ख़बर आ रही... दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और मासूम लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं।'
16:53 PM (4 days ago )
80 के दशक में बनी थी इमारत
मालवीय नगर की जिस इमारत में आग लगी है, वह 80 के दशक की बनी हुई है। धीरे-धीरे समय के साथ अवैध तरीके से बिल्डिंग में फ्लोर की संख्या बढ़ती चली गई लेकिन आज तक किसी भी विभाग के किसी अधिकारी ने यहां इंस्पेक्शन करने की जहमत नहीं उठाई।
16:26 PM (4 days ago )
होटल 'फ्लोरिश स्टे' की पहचान उस जगह के तौर पर हुई, जहां लगी आग में 21 लोगों की मौत हो ग
दिल्ली फायर सर्विस ने होटल 'फ्लोरिश स्टे' की पहचान उस जगह के तौर पर की है, जहां आग लगी थी और जिसके कारण 21 लोगों की मौत हो गई. होटल की पहचान ऐसे समय में हुई है, जब अधिकारी इस जानलेवा आग से जुड़े हालात की जांच जारी रखे हुए हैं और परिसर में सुरक्षा नियमों के पालन की पड़ताल कर रहे हैं.
16:24 PM (4 days ago )
एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत
गुरुग्राम निवासी विवेक, उनकी पत्नी, दो बेटियां और मां सहित बीमार पिता से मिलने आए मौसा, मौसी और मामा इस हादसे में मारे गए।
विवेक अग्रवाल
तर्जनी अग्रवाल, पत्नी
प्रेमलता अग्रवाल, मां (विवेक की)
एंजल अग्रवाल (बड़ी बेटी)
पर्ल (छोटी बेटी)
अशोक गोयल (मामा)
कमला (मौसी)
झुमरी लाल (मौसा)
मामाजी किशनगंज से आए थे
मौसा-मौसी अजमेर से आए थे
इनमें मौसाजी मिसिंग हैं, जबकि अन्य सभी की मौत हो चुकी है।
16:21 PM (4 days ago )
दिल्ली के उपराज्यपाल ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद आज शाम 5 बजे बड़ी बैठक बुलाई है. वह मुख्य सचिव, क्षेत्र के डीसी और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक मे दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद, चीफ सेक्रेटरी, एमसीडी कमिश्नर, फायर डिपार्टमेंट के चीफ और डिविजनल कमिश्नर भी मौजूद रहेंगे.
16:18 PM (4 days ago )
जान गंवाने वाले 21 लोगों में से 18 विदेशी नागरिक
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में लगी आग में जान गंवाने वाले 21 लोगों में से 18 विदेशी नागरिक हैं. इनमें नाइजीरिया, मोजाम्बिक, बांग्लादेश और लाइबेरिया के नागरिक शामिल हैं. होटल मालिक का नाम लोकेश बजाज है. उनके अन्य कई होटल भी हैं. लोकेश बजाज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की रेड जारी है.
16:08 PM (4 days ago )
परिवार के आठ लोगों की मौत
गुरुग्राम निवासी विवेक, उनकी पत्नी, दो बेटियां और मां सहित बीमार पिता से मिलने आए मौसा, मौसी और मामा इस हादसे में मारे गए। ये जानकारी विवेक के ससुर प्रेम बंसल ने दी।
16:06 PM (4 days ago )
अग्निकांड में घायलों की हालत पर डॉक्टर का बयान
मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टर संदीप बुद्धिराजा ने बताया, "15 मरीज आईसीयू में हैं और 8 वेंटिलेटर पर हैं. हमने एक मरीज को सफदरजंग में स्थानांतरित कर दिया है. मामूली चोट वाले 5 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है." उन्होंने बताया कि घायलों को तीन तरह की चोटें लगी थीं. 1 मरीज रीढ़ की हड्डी में चोट से गुजर रहा है. जागरूक मरीजों ने हमें बताया कि कैसे वे इमारत से बाहर कूदे. 9 पुरुष और 9 महिलाओं की मौत हुई है. आग लगने से पहले पीड़ितों तक धुआं पहुंच गया और दम घुटने से उनकी मौत हो गई.
15:43 PM (4 days ago )
एक ही सीढ़ी थी निकलने के लिए: चीफ फायर ऑफिसर
चीफ फायर ऑफिसर एक बड़ा खुलासा किया है तलाशी अभियान के दौरान मैंने इमारत का ऊपर से नीचे तक अच्छी तरह निरीक्षण किया। इमारत में एक तहखाना, एक भूतल और पांच ऊपरी मंजिलें हैं। पूरी इमारत में केवल एक ही लिफ्ट के बगल में एक अकेली सीढ़ी थी और इमारत पूरी तरह से सीलबंद है। सामने का मुखौटा पूरी तरह से ढंका हुआ है और बाथरूम की खिड़कियों सहित हर एक खिड़की को कसकर बंद कर दिया गया है।
15:38 PM (4 days ago )
हादसे में जख्मी 7-8 लोगों की हालत बेहद गंभीर
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है. घायलों में कई विदेशी नागरिक हैं. साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने बताया कि उनके यहां भर्ती कराए लोगों में 7-8 की हालत बेहद गंभीर है. इधर, हादसे के बाद होटल मालिक पर फरार है और उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मारे जा रहे हैं.
15:37 PM (4 days ago )
10 पुलिसवाले भी एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
मालवीय नगर अग्निकांड में बचाव अभियान के दौरान धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ होने पर दिल्ली पुलिस के 10 कर्मियों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है
15:36 PM (4 days ago )
दिल्ली के ''खूनी होटल'' के पास फायर ब्रिगेड की NOC नहीं
फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया है कि दिल्ली के मालवीय नगर के जिस होटल में आग लगी उस होटल को फायर ब्रिगेड की एनओसी नहीं मिली थी। बीस सालों से यह होटल बिना एनओसी के ही चल रहा था। बताया जा रहा है कि आस-पास में कई होटल नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
15:32 PM (4 days ago )
आग लगने की घटना में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर होटल में आग लगने की घटना के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि इस होटल के तीन पार्टनर हैं जो इस इलाके में कई अन्य होटल और गैस्ट हाउस भी चलाते हैं। जांचकर्ता इस घटना में नियमों के पालन, सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
15:01 PM (4 days ago )
होटल मालिक को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी
दिल्ली पुलिस ने होटल फ्लोरिस स्टे के मालिक को गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। यह टीम लगातार छापेमारी कर रही है। बहुत जल्द होटल का मालिक पुलिस की गिरफ्त में होगा। होटल में आग लगने के बाद से ही इसका मालिक फरार है।


