IPL 2023 (इंडियन प्रीमियर लीग) के आगाज का हर किसी को बेहद बेसब्री से इंतजार है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी करीब तीन साल बाद अपने घरेलू मैदान पर वापसी करने वाले हैं। साथ ही माना यह भी जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी सीजन भी हो सकता है। यही वजह है कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान को लेकर फैंस में जमकर उत्साह है और हर एक फैंस अपने चहेते खिलाड़ी को 22 गज की पिच पर देखने के लिए बेकरार है।
धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग में 15 साल पूरे हो चुके हैं और इसको खास बनाने के लिए स्टार स्पोर्ट्स चैनल ने एक दिल जीत लेने वाला वीडियो शेयर किया है। सोशल मीडिया पर धूम मचा रहे स्टार स्पोर्ट्स द्वारा लॉन्च किए गए इस वीडियो में माही के वो फैंस नजर आ रहे हैं, जो सुनने में असमर्थ हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के 15 साल बेमिसाल को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किए गए इस वीडियो में माही के इन स्पेशल फैंस का भी खास ख्याल रखा गया है। बता दें कि वीडियो को सबटाइटल के साथ शेयर किया गया है, ताकि ठीक तरह से सुन पाने में असमर्थ फैंस भी इस वीडियो का आनंद उठा सकें।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को इंडियन प्रीमियर लीग के अपने पहले मुकाबला शुक्रवार 31 मार्च को गुजरात टाइटंस से खेलना है। पिछले सीजन (2022) में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशानजक रहा और टीम ने अंक तालिका में 9वें पायदान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था। बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स को 2022 सीजन में खेले गए 14 मुकाबलों में से 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था और मात्र 4 मुकाबलों में ही टीम को जीत नसीब हो पाई थी।
गौरतलब है कि 2022 सीजन के आगाज से दो दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स टीम की कमान रवींद्र जडेजा के हाथों में सौंप दी गई थी। हालांकि जडेजा की कप्तानी में शुरुआती 8 मुकाबलों में से चेन्नई सुपर किंग्स महज 2 में ही जीत हासिल कर पाई थी, जिसके बाद फिर से महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
First Updated : Monday, 27 March 2023