Australia beat South Africa: डेवाल्ड ब्रेविस की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी पर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की शानदार बल्लेबाज़ी ने पानी फेर दिया. कैजलीज स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 2 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान एडेन मार्कराम केवल 1 रन बनाकर पहले ही ओवर में कैमरून ग्रीन की गेंद पर कैच आउट हो गए. इसके बाद रयान रिकेल्टन ने 13 गेंदों पर 13 रन बनाए जबकि लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने आक्रामक अंदाज़ में 24 रन 15 गेंद में बनाए.
टीम के स्कोर को मजबूती दी डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स ने, जिन्होंने मिलकर 61 रनों की साझेदारी की. ब्रेविस ने मात्र 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और कुल 53 रन बनाए. स्टब्स ने 23 गेंदों पर 25 रन जोड़े. इसके अलावा कॉर्बिन बॉश ने 1 और सेनुरान मुथुसामी ने 9 रन बनाए. रासी वैन डेर डुसेन 38 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाज़ी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने सबसे अधिक 3 विकेट झटके, जबकि जोश हेज़लवुड और एडम जैम्पा को 2-2 सफलताएं मिलीं.
173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहतरीन रही. ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े. हेड ने 18 गेंदों पर 19 रन बनाए, जबकि मार्श ने 37 गेंदों में 54 रन की कप्तानी पारी खेली. हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई. जोश इंग्लिस बिना खाता खोले आउट हुए और कैमरून ग्रीन भी केवल 9 रन बना सके.
टिम डेविड ने 9 गेंदों में तेज़ 17 रन जोड़े, जबकि हार्डी और ड्वार्शिस केवल 1-1 रन बना सके. मगर ग्लेन मैक्सवेल एक छोर पर टिके रहे और 36 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाकर टीम को अंतिम ओवर में जीत दिला दी. First Updated : Saturday, 16 August 2025