हरमनप्रीत कौर फिर मिली कप्तानी की जिम्मेदारी, बीसीसीआई का फैसला सही या गलत?
इस स्क्वाड में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया लंबे समय बाद टीम में लौटी हैं। सितंबर 2025 में उनके बाएं घुटने में गंभीर चोट लगी थी। बताया गया कि यह ACL रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी थी।

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 और उससे पहले इंग्लैंड दौरे के लिए 15-सदस्यीय मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। शनिवार को हुई चयन समिति की बैठक में टीम को अंतिम रूप दिया गया।
हरमनप्रीत कौर पर बीसीसीआई ने जताया विश्वास
इस बैठक में कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुख्य कोच अमोल मजूमदार, चयनकर्ताओं की अध्यक्ष अमिता शर्मा और BCCI सचिव देवजीत सैकिया मौजूद थे। टीम में राधा यादव और यास्तिका भाटिया की वापसी हुई है। वहीं तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
दरअसल बीसीसीआई ने फिर से एक बार हरमनप्रीत कौर पर भरोसा जताया है। बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड लगभग एवरेज रहा है, हालांकि 2025 में भारत में खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को उन्हीं की कप्तानी में जीत मिली थी। लेकिन यह सत्य भी किसी से छुपा हुआ नहीं है कि उनकी कप्तानी में भारत ने 5 आईसीसी इवेंट में पराजय का सामना किया है।
सोशल मीडिया पर फैंस भी बीसीसीआई के इस फैसले पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। क्योंकी कुछ रिपोर्ट्स में यहाँ तक दावा किया गया कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप में स्मृति मंधाना को कप्तानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने WPL में RCB को ट्रॉफी भी जिताई है। हालांकि, कौर ने भी MI का नेतृत्व करते हुए उसे 2 बार WPL का खिताब जिताया है।
वहीं इस स्क्वाड में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया लंबे समय बाद टीम में लौटी हैं। सितंबर 2025 में उनके बाएं घुटने में गंभीर चोट लगी थी। बताया गया कि यह ACL रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी थी। चोट की वजह से वह पिछले साल महिला ODI वर्ल्ड कप और 2026 का महिला प्रीमियर लीग (WPL) नहीं खेल पाई थीं। सर्जरी के बाद अब वह पूरी तरह फिट हैं।
राधा यादव और नंदिनी शर्मा को मिला बड़ा मौका
आपको बताते चलें कि स्पिनर राधा यादव लगभग एक साल बाद T20I टीम में लौटी हैं। वह आखिरी बार पिछले साल जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर इस फॉर्मेट में खेली थीं। राधा ने इस साल की शुरुआत में बैंकॉक में भारत 'ए' टीम की कप्तानी करते हुए महिला इमर्जिंग एशिया कप का खिताब भी जिताया था।
वहीं तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है। काशवी गौतम और अमनजोत कौर चोट के कारण बाहर हैं, जिसके बाद नंदिनी को मौका मिला। 24 साल की नंदिनी ने इस साल WPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था। वह DC के लिए हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज बनी थीं।
गौरतलब है कि चयनकर्ताओं ने भारती फुलमाली पर भरोसा जताया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान सात साल बाद भारतीय टीम में वापसी की थी। बेनोनी में पांचवें T20I में उनके प्रदर्शन की खूब तारीफ हुई थी। फुलमाली ने उस सीरीज में तीन मैचों में 123.52 के स्ट्राइक रेट से 42 रन बनाए थे।
महिला T20 वर्ल्ड कप और इंग्लैंड T20I के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और स्नेह राहा।


