चेन्नई में सामंथा ने तमिलनाडु CM विजय से की मुलाकात, लिखा ये खास संदेश

मुलाकात के लिए सामंथा ने लाल साड़ी और पीला ब्लाउज पहना था। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि चेन्नई पहुंचते ही उन्हें खुशी हुई क्योंकि वो अपने CM से मिलने जा रही थीं।

Sachin Hari Legha

चेन्नई: एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु चेन्नई में अपने पुराने को-स्टार और अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मिलीं। दोनों ने पहले साथ में तीन बड़ी तमिल फिल्में की हैं। मुलाकात के बाद सामंथा ने विजय के साथ दो तस्वीरें शेयर कीं और एक लंबा नोट लिखा जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  

लाल साड़ी में दिखीं सामंथा, लिखी दिल की बात   

मुलाकात के लिए सामंथा ने लाल साड़ी और पीला ब्लाउज पहना था। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि चेन्नई पहुंचते ही उन्हें खुशी हुई क्योंकि वो अपने CM से मिलने जा रही थीं।  

सामंथा ने कहा, “मुझे हमेशा लगता था कि विजय सर सिर्फ स्क्रीन पर हीरो बनने के लिए नहीं बने हैं। उनकी एनर्जी, उनकी मौजूदगी और लोग जिस तरह उन्हें रिस्पॉन्स देते हैं, उससे लगता था कि वो किसी बड़ी जिम्मेदारी के लिए बने हैं।”  

उन्होंने विजय की सबसे बड़ी प्रेरणा उनकी हिम्मत को बताया। “जिस फील्ड में आप पहले से सफल हैं, उसे छोड़कर एक नई चुनौती लेना आसान नहीं होता। लेकिन जब आपको लगता है कि आप बदलाव ला सकते हैं, तो कदम बढ़ाना पड़ता है।”  

युवाओं के लिए दिया ये मैसेज   

सामंथा ने लिखा कि जीवन में कभी न कभी हर इंसान को खुद से आगे बढ़कर सोचने का बुलावा आता है। “हम कैसे योगदान दे सकते हैं, ये सवाल खुद से पूछना चाहिए। बहुत कम लोग उस बुलावे का जवाब देते हैं। मुझे लगता है विजय सर उन लोगों को भी हैरान करेंगे जो पहले से उन पर भरोसा करते हैं।”  

उन्होंने आगे कहा कि ये हैरानी पद की वजह से नहीं, बल्कि उस इरादे की वजह से होगी जिसके साथ वो काम कर रहे हैं। सामंथा ने विजय के लिए ताकत, समझदारी और अपने रास्ते पर डटे रहने की हिम्मत मांगी।  

पोस्ट के आखिर में उन्होंने युवाओं के लिए लिखा, “इसे देखने वाले हर युवा के लिए ये याद दिलाने वाली बात हो सकती है कि ज़िंदगी उस सपने से कहीं बड़ी हो सकती है जिसके साथ आपने शुरुआत की थी।”  

फैंस ने जताई खुशी   

तस्वीरें सामने आते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्यार बरसाया। किसी ने लिखा “सैम, ये देखकर बहुत खुशी हुई”, तो किसी ने कहा “इस पोस्ट ने मेरा दिन बना दिया”। कई लोगों ने इसे “सबसे प्यारी पोस्ट” और “सबसे इंतजार वाली तस्वीर” बताया।  

तीन हिट फिल्मों में कर चुके हैं साथ काम   

विजय और सामंथा की जोड़ी तमिल सिनेमा में सुपरहिट मानी जाती है। दोनों ने सबसे पहले 2014 में एआर मुरुगाडोस की फिल्म कथी में साथ काम किया था। इसके बाद 2016 में थेरी और 2017 में मर्सल में भी दोनों साथ दिखे। तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रहीं और फैंस को ये जोड़ी खूब पसंद आई। अब जब विजय राजनीति में हैं, सामंथा की ये मुलाकात और पोस्ट फैंस के लिए इमोशनल मोमेंट बन गई है।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो