फिरोजाबाद में बड़ा रेल हादसा, कारों से लदी मालगाड़ी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेल मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा  हो गया है. बता दें, रुपसपुर क्षेत्र के पास कारों को ले जा रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक आग लग गई.

Yashika Jandwani

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेल मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा  हो गया है. बता दें, रुपसपुर क्षेत्र के पास कारों को ले जा रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बोगी में रखी कई नई कारें इसकी चपेट में आ गईं. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान करीब 10 कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई हैं. 

कब हुई ये घटना 

बता दें, घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है. इस दौरान मालगाड़ी फ्रेट कॉरिडोर ट्रैक पर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी, तभी इंजन के ठीक पीछे लगी पहली बोगी से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं. वहीं आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कर्मियों को दीं. इस दौरान आग लगने की खबर मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास इकट्ठा हो गए.

लोको पायलट ने रोकी ट्रेन 

घटना की सूचना मिलते ही और स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया. आग इंजन के बेहद करीब होने के कारण खतरा और बढ़ गया था. ऐसे में चालक दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंजन को प्रभावित बोगी से अलग कर सुरक्षित दूरी पर पहुंचा दिया। इस कदम से आग को इंजन तक फैलने से रोक लिया गया और एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया. 

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। वहीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को भी बुलाया गया है दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए लगभग एक घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

किस कारण लगी आग 

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है. शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट जैसी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है. हालांकि मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं. रेलवे प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो