रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय को निशाना बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है.  बता दें, निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पर मंगलवार देर रात दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास किया है.

Yashika Jandwani

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय को निशाना बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है.  बता दें, निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पर मंगलवार देर रात दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास किया है. हालांकि उनकी योजना सफल नहीं हो सकी और एक बड़ा हादसा होने से बच गया. 

कैसे दिया घटना का 

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने चिली सॉस की कांच की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें कार्यालय परिसर की ओर फेंका था. लेकिन दोनों बोतलें कार्यालय की बाउंड्री के बाहर ही गिर गईं. इस दौरान पहले पेट्रोल बम में लगी जलती हुई सुतली जमीन पर गिर गई, जिससे उसमें आग नहीं फैल सकी. वहीं दूसरा बम कार्यालय परिसर तक पहुंचने से पहले ही बाहर गिर गया, जिस कारण किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ.

घटना की शुरू हुई जांच 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवक घटनास्थल के आसपास दिखाई दिए हैं. पुलिस उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर रही है. 

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है. 

होटल के खिलाफ शिकायत दर्ज 

इस बीच, जांच में एक स्थानीय विवाद का एंगल भी सामने आया है. सूत्रों के अनुसार, आरएसएस कार्यालय के समीप स्थित एक होटल और कार्यालय से जुड़े लोगों के बीच कुछ समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी.  बताया जा रहा है कि सफाई और अन्य मुद्दों को लेकर होटल के खिलाफ शिकायत की गई थी. पुलिस इस संभावित कारण की भी जांच कर रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है. फिलहाल एसआईटी मामले की जांच में जुटी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो