ऋषभ पंत की चोट पर BCCI ने दिया बड़ा अपडेट, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए, उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उनकी वापसी पर फिलहाल संशय है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन चोट का शिकार हो गए. बल्लेबाजी के दौरान एक शॉट खेलने की कोशिश में उन्हें गंभीर चोट लग गई, जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़कर फौरन अस्पताल जाना पड़ा. पंत की चोट इतनी गंभीर थी कि वह अपने पैरों पर खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और सपोर्ट स्टाफ की मदद से स्टेडियम से बाहर ले जाया गया. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जांच की जा रही है.

68वें ओवर में पंत को लगी चोट

घटना मैच के 68वें ओवर में घटी, जब पंत ने इंग्लैंड के गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्विप शॉट खेलने की कोशिश की. दुर्भाग्य से वह गेंद को मिस कर गए और गेंद सीधे उनके दाहिने पैर पर आ लगी. इसके बाद वह दर्द से तड़पने लगे. मैदान पर तुरंत मेडिकल स्टाफ पहुंचा और प्राथमिक जांच के बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट घोषित कर मैदान से बाहर ले जाया गया. बताया जा रहा है कि उनके पैर से खून भी निकला और सूजन आ गई.

बीसीसीआई ने इस बारे में सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कहा है कि पंत के दाहिने पैर में गंभीर चोट है और उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर बारीकी से निगरानी रख रही है.

मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंत इस टेस्ट में दोबारा बल्लेबाजी कर पाएंगे? उनकी हालत को देखकर तो यही लग रहा है कि उनकी वापसी इस मैच में मुश्किल हो सकती है. हालांकि, उनकी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कोई पुख्ता फैसला लिया जा सकेगा. मैच में पंत ने 48 गेंदों पर 37 रन बनाए थे, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag