PBKS vs DC से पहले गावस्कर के बयान से हलचल, IPL 2026 के दो फाइनलिस्ट का नाम किया क्लियर!
सुनील गावस्कर ने पंजाब और आरसीबी को IPL 2026 फाइनल का सबसे मजबूत दावेदार बताया है. पंजाब आज दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी प्लेऑफ स्थिति मजबूत करना चाहेगी, जबकि दिल्ली के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है.

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले अहम मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस सीजन के फाइनल में उनकी पसंद अब भी पंजाब किंग्स और आरसीबी ही हैं. गावस्कर का मानना है कि पंजाब की टीम में वह क्षमता है, जो उसे खिताब की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार बनाती है.
लगातार तीन मैच हारी पंजाब
पंजाब किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. टीम को बीच में लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उसने अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखी है. अब उसका सामना दिल्ली से है, जो इस सीजन संघर्ष करती नजर आई है. दिल्ली ने अब तक 11 मुकाबलों में सात हार झेली हैं और टीम का संतुलन कई बार बिगड़ता दिखा है.
एक कार्यक्रम में बातचीत करते हुए गावस्कर ने कहा कि कभी-कभी हार टीम के लिए सकारात्मक साबित होती है. उनके मुताबिक, लगातार जीत के बाद आने वाली कुछ हार खिलाड़ियों को जमीन पर बनाए रखती हैं और जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास से बचाती हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स इस मुकाबले की अहमियत को समझती है और वह किसी भी हालत में एक और हार नहीं चाहेगी, क्योंकि इससे टीम के आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है.
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है. टीम ने इस सीजन कई ऐसे मैच गंवाए हैं, जिन्हें वह आसानी से जीत सकती थी. यही वजह है कि अब प्लेऑफ की उम्मीदें बचाए रखने के लिए उसे हर मैच में जीत की जरूरत है.
दिल्ली के लिए चुनौती कठिन
धर्मशाला का मैदान पंजाब के लिए राहत की खबर हो सकता है. घरेलू मैदान पर लगातार पांच हार के बाद टीम यहां नई शुरुआत करना चाहेगी. वहीं दिल्ली के लिए चुनौती और भी कठिन है, क्योंकि सामने आत्मविश्वास से भरी पंजाब की टीम होगी.
गावस्कर ने साफ कहा कि उनकी नजर में इस सीजन की फाइनल भिड़ंत पंजाब और आरसीबी के बीच हो सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या पंजाब अपने दिग्गज समर्थक की उम्मीदों पर खरी उतरती है या दिल्ली कैपिटल्स बड़ा उलटफेर करती है.


