GT vs CSK Final: मैदान में उतरते ही महेंद्र सिंह धोनी रचेंगे इतिहास, ये कमाल करने वाले बनेंगे पहले खिलाड़ी

महेंद्र सिंह धोनी गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL में अपना 250वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के माही यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बनेंगे।

calender

IPL 2023 (इंडियन प्रीमियर लीग) के फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ होगी। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में गुजरात रविवार 28 मई की रात को एक बार फिर खिताब हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं महेंद्र सिंह धोनी की येलो आर्मी की नजरें अपनी पांचवीं IPL ट्रॉफी पर होगी। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी फाइनल मुकाबले में मैदान में उतरते ही इतिहास रचेंगे।

महेंद्र सिंह धोनी रचेंगे इतिहास -

महेंद्र सिंह धोनी गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL में अपना 250वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के माही यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बनेंगे। धोनी के बाद इस लीग में सर्वाधिक मुकाबले खेलने की सूची में रोहित शर्मा का नाम दर्ज है। रोहित IPL में 243 मुकाबले खेल चुके हैं। वहीं दिनेश कार्तिक 242 मुकाबले खेलकर इस सूची में तीसरे नंबर पर कायम हैं।

IPL 2023 में माही का प्रदर्शन -

IPL 2023 में महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। माही को ज्यादातर मुकाबलों में बल्लेबाजी करने का अवसर नहीं मिला है। हालांकि आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी आने पर माही ने जमकर हाथ खोले हैं। इस सीजन खेले गए 15 मुकाबलों में माही ने 185 के स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की कुटाई की है और 104 रन जड़े हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स पर भारी पड़ी है गुजरात की टीम -

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस का पलड़ा हेड टू हेड आंकड़ों में भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच IPL में अब तक कुल चार बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से तीन बार बाजी गुजरात टाइटंस ने मारी है। वहीं IPL 2023 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में चेन्नई ने पहली बार गुजरात को मात दी थी।

चेन्नई सुपर किंग्स के पास सुनहरा मौका -

चेन्नई सुपर किंग्स के पास इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने के मामले में मुंबई इंडियंस की बराबरी करने का सुनहरा मौका होगा। चेन्नई ने अब तक चार बार IPL के खिताब पर कब्जा जमाया है। वहीं रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस पांच बार IPL का खिताब को अपने नाम कर चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स अगर फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज करने में कामयाब रही, तो वो मुंबई इंडियंस की बराबरी कर लेगी।

First Updated : Sunday, 28 May 2023