'टीम इंडिया का मतलब जीत...,' ICC अध्यक्ष जय शाह ने वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद सूर्या-गंभीर को दिया खास मैसेज

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने खुशी जाहिर करते हुए सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर को एक खास मैसेज दिया है. उन्होंने अपना पुरस्कार मैदान पर मेहनत करने वाले सभी खिलाड़ियों को समर्पित किया

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने हाल ही में एक कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट की सफलता की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पहले ऑस्ट्रेलिया का नाम जीत से जुड़ा था, लेकिन अब 'टीम इंडिया' का मतलब ही जीत हो गया है. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर खिताब बरकरार रखा. यह पहली टीम बनी जो ऐसा करने में सफल रही. महिला टीम ने भी नवंबर में अपना पहला वर्ल्ड कप जीता था.

शाह ने खिलाड़ियों को समर्पित किया पुरस्कार

जय शाह को खेल में योगदान के लिए सम्मानित किया गया. उन्होंने यह पुरस्कार मैदान पर मेहनत करने वाले सभी खिलाड़ियों को समर्पित किया, खासकर महिला क्रिकेटरों को. उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता मिलती है. 

सूर्यकुमार और गौतम गंभीर को बधाई

शाह ने टी20 विश्व कप जीत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर को बधाई दी. उन्होंने साऊथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया.

2019 से अब तक की उपलब्धियां

2019 में बीसीसीआई सचिव बनने के बाद से 2026 तक की बात करते हुए शाह ने कई जीत गिनाई. इसमें दो अंडर-19 पुरुष विश्व कप, दो अंडर-19 महिला विश्व कप, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में उपविजेता, वनडे विश्व कप में उपविजेता, लगातार दो टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं.उन्होंने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है.

गौतम भाई और सूर्या को खास संदेश

जय शाह ने गौतम गंभीर को 'गौतम भाई' कहकर और सूर्यकुमार को 'सूर्या' कहकर मैसेज दिया। उन्होंने कहा कि शिखर पर पहुंचना मुश्किल है, लेकिन नीचे गिरना आसान. मेहनत जारी रखें ताकि हर साल पुरस्कार मिलते रहें.

बीसीसीआई में 2028 तक का प्लान

शाह ने खुलासा किया कि बीसीसीआई में रहते हुए उन्होंने 2028 ओलंपिक तक का प्लान तैयार किया था, लेकिन अब वे आईसीसी में हैं और सूर्यकुमार कप्तान बने. बीसीसीआई में नए लोग आ गए हैं. उन्होंने टीम को सलाह दी कि 2030, 2032 और 2036 ओलंपिक के लिए भी तैयारी करें. क्रिकेट 2028 में ओलंपिक में वापस आ रहा है, इसलिए सोने का पदक जीतने का लक्ष्य रखें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो