IND vs AFG 3rd ODI Highlights: चेपॉक में भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से रौंदा, सीरीज 3-0 से जीती

चेपॉक में भारत की जीत के हीरो यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा रहे। प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 5 विकेट झटके और अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: भारत ने शनिवार 20 जून 2026 को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। 219 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 28.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।  

यशस्वी, रोहित और प्रसिद्ध की चमक   

चेपॉक में भारत की जीत के हीरो यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा रहे। प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 5 विकेट झटके और अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 110 रन की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था।

उन्होंने 86 गेंदों पर 14 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं रोहित शर्मा ने 69 गेंदों पर 79 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। रोहित को मोहम्मद नबी ने सेडिकुल्लाह अटल के हाथों कैच कराया। इसके बाद यशस्वी और श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। श्रेयस 20 रन पर नाबाद रहे।  

अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ाई   

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी लेकिन शुरुआत खराब रही। रहमानुल्लाह गुरबाज 5 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। प्रसिद्ध ने रहमत शाह 5 रन, इब्राहिम जादरान 11 रन और दरविश रसूली 11 रन को भी जल्दी पवेलियन भेज दिया। 36 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई।  

कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और अजमतुल्लाह उमरजई ने पांचवें विकेट के लिए 105 रन जोड़कर पारी संभाली। उमरजई ने 56 गेंदों पर 50 रन बनाए। प्रिंस यादव ने उन्हें आउट कर साझेदारी तोड़ी। गुरनूर बरार ने सेट मोहम्मद नबी 21 रन को बोल्ड किया। राशिद खान 5 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार बने।

अंत में शाहिदी ने 131 गेंदों पर 102 रन की नाबाद पारी खेली और वनडे करियर का पहला शतक लगाया। उनकी पारी में 13 चौके और 1 छक्का शामिल था। अफगानिस्तान 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गया। भारत के लिए हर्ष दुबे, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव को एक-एक विकेट मिला।  

टीम में बदलाव और हेड टू हेड रिकॉर्ड   

इस मैच में भारत ने अर्शदीप सिंह, केएल राहुल और कुलदीप यादव को आराम दिया। नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्ष दुबे की वापसी हुई। अफगानिस्तान ने भी प्लेइंग 11 में चार बदलाव किए।  

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने धर्मशाला में 7 विकेट और लखनऊ में 170 रन से जीत दर्ज की थी। अब चेपॉक में भी दबदबा कायम रखते हुए क्लीन स्वीप पूरा किया।  

वनडे में भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 7 मैच हुए हैं। भारत ने 6 जीते हैं और 1 मैच टाई रहा है। अफगानिस्तान को अभी भी भारत के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो