मुंबई के शतकवीर तिलक का जलवा, गुजरात की टीम 100 पर ढेर

तिलक वर्मा के नाबाद शतक (101 रन) की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 199 रन बनाए और मैच पर पकड़ बना ली. इसके जवाब में गुजरात टाइटंस 100 रन पर सिमट गई और मुंबई ने 99 रन से एकतरफा जीत दर्ज की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में सोमवार, 20 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस आमने-सामने थे. टॉस जीतकर गुजरात ने पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना, लेकिन उनका यह फैसला मैच में ज्यादा असरदार साबित नहीं हुआ.

तिलक ने नाबाद 101 रन बनाए

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम की इस बड़ी पारी में तिलक वर्मा ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन बनाए और अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. खास बात यह रही कि यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक भी था, जिसने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया.

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. उनके बल्लेबाज मुंबई के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे. पूरी टीम महज 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई. इस तरह गुजरात को 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा.

अश्वनी कुमार ने झटके 4 विकेट

मुंबई की जीत में गेंदबाजों का योगदान भी बेहद अहम रहा. अश्वनी कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी. इसके अलावा अल्लाह मोहम्मद गजनफर और मिचेल सेंटनर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि जसप्रीत बुमराह और कप्तान हार्दिक पांड्या को 1-1 सफलता मिली.

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखाया. जहां एक ओर तिलक वर्मा की तूफानी शतकीय पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, वहीं गेंदबाजों ने उसे पूरी तरह डिफेंड करते हुए गुजरात को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दे दी.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो