राजस्थान रॉयल्स ने LSG को 40 रनों से हराया, जडेजा की नाबाद 43 रन बनाए

राजस्थान रॉयल्स ने 159 रन बनाकर लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराया और अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया. लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मैच में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 रनों से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ राजस्थान की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई. मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया, जहां टॉस जीतकर लखनऊ ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने निर्धारित ओवरों में 159 रन बनाए, जिसमें जडेजा की नाबाद 43 रनों की अहम पारी रही. लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम मात्र 119 रन पर सिमट गई.

लखनऊ की शुरुआत बेहद निराशाजनक

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. आयुष बदोनी पहले ही ओवर में रन आउट हो गए, जबकि ऋषभ पंत और एडन मार्क्रम बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. टॉप ऑर्डर के इस खराब प्रदर्शन ने टीम को शुरुआती झटका दिया, जिससे उबरना मुश्किल हो गया. हालांकि मिचेल मार्श ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक जड़ा, लेकिन उनके आउट होते ही टीम की उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गईं. अंततः पूरी टीम 119 रन पर ढेर हो गई. इस हार के बाद लखनऊ की स्थिति अंक तालिका में काफी खराब हो गई और टीम 9वें स्थान पर पहुंच गई.

वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत आक्रामक रही. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तेज अंदाज में रन बनाने की कोशिश की. हालांकि तीसरे ओवर में शमी ने यशस्वी को 22 रन पर आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया. इसी ओवर में ध्रुव जुरेल भी बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद मोहसिन खान ने वैभव सूर्यवंशी को 8 रन पर पवेलियन भेजकर राजस्थान को तीसरा झटका दिया,

प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने 2-2 विकेट हासिल किए

शुरुआती विकेट गिरने के बाद रियान पराग ने पारी को संभालने की कोशिश की और टीम को 50 रन के पार पहुंचाया, लेकिन वह 20 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 43 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. फरेरा ने भी उनका अच्छा साथ दिया. लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन टीम की हार का कारण बना.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो