अमेरिका में वायरल हुआ अजीब ट्रेंड: अंतिम संस्कार में रोने के लिए बुक होती है महिला, लेती है 50 हजार रुपये
ये महिला काले कपड़ों में फ्यूनरल में पहुंचती है, चुपचाप एक कोने में खड़ी रहती है, थोड़े आंसू बहाती है और बिना किसी से बात किए चली जाती है। इस अनोखी सर्विस ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है।

नई दिल्ली: दुनिया में लोग अब सिर्फ जिंदगी ही नहीं, मौत के बाद की यादों को भी खास बनाना चाहते हैं। अमेरिका से एक ऐसी सर्विस की चर्चा हो रही है जिसने सोशल मीडिया पर सबको चौंका दिया है। वायरल पोस्ट के मुताबिक कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के फ्यूनरल को अलग और यादगार बनाने के लिए एक खास महिला को हायर करते हैं।
ये महिला काले कपड़ों में फ्यूनरल में पहुंचती है, चुपचाप एक कोने में खड़ी रहती है, थोड़े आंसू बहाती है और बिना किसी से बात किए चली जाती है। इस अनोखी सर्विस ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है।
50 हजार रुपये में मिलती है रहस्यमयी मौजूदगी
सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी के अनुसार, इस सर्विस के लिए करीब 500 डॉलर यानी लगभग 50 हजार रुपये चार्ज किए जाते हैं। महिला को पहले से फ्यूनरल की पूरी डिटेल दे दी जाती है, लेकिन उसका मृतक या परिवार से कोई सीधा रिश्ता नहीं होता।
उसका काम सिर्फ इतना होता है कि वो एक रहस्यमयी किरदार की तरह वहां मौजूद रहे। काले कपड़े, गंभीर चेहरा और आंखों में आंसू देखकर वहां मौजूद लोग सोचने लगते हैं कि आखिर ये महिला कौन है। क्या इसका मृतक से कोई पुराना नाता था? क्या कोई ऐसा राज था जो किसी को नहीं पता? यही इस सर्विस का सबसे बड़ा हिस्सा माना जा रहा है।
कैसे काम करती है ये सर्विस
वायरल पोस्ट के अनुसार, फ्यूनरल के समय ये महिला लग्जरी कार से पहुंचती है। वो ज्यादातर भीड़ से थोड़ी दूरी बनाकर खड़ी रहती है। ज्यादा बातचीत नहीं करती, बस शांत तरीके से शोक जाहिर करती है और कार्यक्रम खत्म होते ही निकल जाती है।
सर्विस देने वालों का कहना है कि इसका मकसद परिवार को दुख पहुंचाना नहीं है। इसका उद्देश्य फ्यूनरल में एक अलग तरह का इमोशनल और रहस्यमयी माहौल बनाना है। हालांकि लोगों की राय इस पर बंटी हुई है। कुछ इसे क्रिएटिव आइडिया बता रहे हैं तो कुछ इसे अजीब और गैरजरूरी मान रहे हैं।
लोग चाहते हैं कि उनका नाम लंबे समय तक याद रहे
इस ट्रेंड के पीछे एक सोच ये भी है कि आज के समय में कई लोग चाहते हैं कि उनके जाने के बाद भी लोग उन्हें याद रखें। साधारण विदाई की जगह अगर फ्यूनरल में कोई ऐसी चीज हो जाए जो लोगों के दिमाग में सवाल छोड़ दे, तो वो इवेंट लंबे समय तक याद रहता है। इसी वजह से कुछ लोग ऐसी सर्विस का सहारा ले रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जब ये बात सामने आई तो यूजर्स ने जमकर रिएक्शन दिए। कुछ ने इसे नया बिजनेस आइडिया कहा, तो कुछ ने मजाक में लिखा कि अब फ्यूनरल में भी किराए के लोग आने लगे हैं। कई लोगों ने इसे फिल्मी कहानी जैसा बताया।
दुनिया में 'रेंट अ मॉर्नर' सर्विस पहले से मौजूद है, जहां प्रोफेशनल लोग फ्यूनरल में शोक जताने आते हैं। लेकिन अमेरिका में चर्चा में आई ये सर्विस थोड़ी अलग है। यहां सिर्फ रोने की बात नहीं है, बल्कि एक रहस्य पैदा करने का एंगल भी जुड़ा हुआ है।


