IPL 2026: लगातार हार से जूझ रही मुंबई इंडियंस के लिए गुड न्यूज, रोहित शर्मा की वापसी की तारीख आई सामने
मुंबई इंडिंयस लगातार हार का सामना कर रही है. रोहित शर्मा चोट के कारण तीन मैचों में दिखाई नहीं दिए, हालांकि उनकी वापसी की तारीख सामने आ गई है,

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लगातार हार का सामना कर रही मुंबई इंडियंस (MI) के लिए राहत की खबर आई है. टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं और 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं. यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.
दरअसल 38 साल के रोहित को 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी. इसके बाद उन्होंने पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तीन मैच मिस किए. अब रिपोर्ट्स के अनुसार वे तेजी से फिट हो रहे हैं और अगले मैच के लिए तैयार दिख रहे है.
रोहित के बिना कमजोर हुई बल्लेबाजी
रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी काफी कमजोर नजर आई. सीजन की शुरुआत में रोहित ने अच्छा प्रदर्शन किया था. उन्होंने 4 मैचों में 137 रन बनाए थे, जिसमें औसत 45 और स्ट्राइक रेट 165 रहा. उन्होंने कुछ समय के लिए ऑरेंज कैप भी पहनी थी.
उनके न होने पर युवा ओपनर दानिश मालेवार को मौका दिया गया, लेकिन वे दो मैचों में सिर्फ 2 रन ही बना सके. सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पंड्या भी बल्ले से खास योगदान नहीं दे पाए. हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई को 103 रनों से बुरी हार मिली.
प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
7 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 8वें स्थान पर है. उनका नेट रन रेट भी -0.736 है. प्लेऑफ में पहुंचना अब टीम के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है. रोहित की वापसी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दे सकती है, लेकिन सिर्फ एक खिलाड़ी पर सब कुछ निर्भर नहीं है.
मुंबई इंडियंस की खराब फॉर्म
टीम की खराब फॉर्म की वजह सिर्फ रोहित की चोट नहीं है. आईपीएल ऑक्शन में लिए गए कुछ फैसले और प्लेइंग इलेवन में बार-बार बदलाव भी मुश्किल बढ़ा रहे हैं. कप्तान हार्दिक पंड्या की कप्तानी और उनकी व्यक्तिगत फॉर्म दोनों पर सवाल उठ रहे हैं.
टीम मैनेजमेंट को अब जल्दी से कोई मजबूत रणनीति बनानी होगी. रोहित शर्मा की वापसी से मुंबई इंडियंस को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है, लेकिन प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए लगातार जीत जरूरी होगी.


