वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर क्यों भड़के सुनील गावस्कर टीम मैनेजमेंट को दी बड़ी सलाह

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला भले ही बारिश की भेंट चढ़ गया हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट गलियारों में एक युवा खिलाड़ी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

calender

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला भले ही बारिश की भेंट चढ़ गया हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट गलियारों में एक युवा खिलाड़ी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में नहीं रखा गया. इस फैसले पर महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है. गावस्कर का मानना है कि इंटरनेशनल डेब्यू में हो रही यह देरी इस युवा खिलाड़ी पर मानसिक दबाव को और अधिक बढ़ा सकती है.

इतिहास रचने के बेहद करीब हैं वैभव सूर्यवंशी

अगर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को इस सीरीज के आगामी मैचों में मैदान पर उतरने का मौका मिलता है, तो वह मेंस टी20 इंटरनेशनल इतिहास में डेब्यू करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल यह वर्ल्ड रिकॉर्ड आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 साल और 309 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था. वैभव इस डेब्यू के साथ ही महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। सचिन ने 16 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था.

सुनील गावस्कर ने दी मैनेजमेंट को अहम सलाह

सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क से बातचीत के दौरान सुनील गावस्कर ने टीम मैनेजमेंट को आगाह करते हुए कहा, वैभव सूर्यवंशी को जब भी मौका मिलेगा. यह इंतजार उन पर और ज्यादा दबाव डालेगा. 15 साल की उम्र में खिलाड़ी प्रेशर के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचते हैं.

गावस्कर ने क्या कहा

गावस्कर ने आगे जोड़ा कि वैभव अच्छी तरह जानते हैं कि अगर उन्हें दूसरे या तीसरे मैच में मौका मिलता है, तो उन्हें हर हाल में खुद को साबित करना होगा. इसके बावजूद, भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा होना उनके लिए एक बेहतरीन अनुभव है. जहां वे कई दिग्गज खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीख सकते हैं.

बारिश के कारण रद्द हुआ पहला टी20 मुकाबला

सीरीज के पहले मुकाबले की बात करें तो बारिश ने खेल का मजा पूरी तरह किरकिरा कर दिया। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 189 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. 

ईशान-तिलक रहे फ्लॉप

भारतीय पारी के दौरान सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 59 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार 68 रन बनाए. निचले क्रम में शिवम दुबे ने महज 21 गेंदों में नाबाद 42 रन कूटकर भारत को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया. हालांकि, इस मैच में संजू सैमसन, ईशान किशन और तिलक वर्मा का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा और ये तीनों ही बल्लेबाज कोई बड़ा योगदान देने में नाकाम रहे. अब सभी की निगाहें दूसरे टी20 पर टिकी हैं। जहां वैभव के डेब्यू को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. First Updated : Thursday, 02 July 2026