क्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुआ था मैच फिक्सिंग? ICC और ACU ने शुरू की बड़ी जांच, रडार पर है इस देश का कप्तान

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 विवादों में घिर गया है. हाल ही में इस टूर्नामेंट पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगा, जिसके बाद अब ICC और ACU ने जांच शुरू कर दी है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर अब मैच फिक्सिंग के गंभीर आरोप लगे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. टूर्नामेंट का खिताब भारत ने जीता था, जहां फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरा विश्व कप अपने नाम किया. यह भारत के लिए खास उपलब्धि थी क्योंकि घरेलू मैदान पर पहली बार कोई टीम टी20 वर्ल्ड कप जीतने में सफल हुई.

किस मैच पर हैं आरोप?

जांच का केंद्र कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच ग्रुप स्टेज का वो मुकाबला है, जो 17 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया. न्यूजीलैंड ने 174 रनों का लक्ष्य 15.1 ओवर में ही आठ विकेट शेष रहते हासिल कर लिया. विवादास्पद पल पांचवें ओवर का था, जिसे कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने फेंका.

बाजवा ने ओवर की शुरुआत नो-बॉल और वाइड से की और कुल 15 रन खर्च किए. न्यूजीलैंड की टीम ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गंवाया और आसानी से मैच जीत लिया. बाजवा को टूर्नामेंट शुरू होने से महज तीन हफ्ते पहले कप्तान बनाया गया था.

कनाडा की डॉक्यूमेंट्री ने खोला पिटारा

ये आरोप कनाडा के पब्लिक ब्रॉडकास्टर CBC पर 10 अप्रैल को प्रसारित एक 43 मिनट की डॉक्यूमेंट्री के बाद सामने आए. डॉक्यूमेंट्री का नाम “करप्शन, क्राइम और क्रिकेट” है इसमें क्रिकेट कनाडा के गवर्नेंस और प्रशासन से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. 

इसके अलावा, ICC कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहान के एक रिकॉर्डेड फोन कॉल की भी जांच कर रही है. चौहान का दावा है कि क्रिकेट कनाडा के वरिष्ठ बोर्ड सदस्यों ने उन पर राष्ट्रीय टीम में कुछ खास खिलाड़ियों को शामिल करने का दबाव डाला था. उन्होंने मैच फिक्सिंग की कोशिश का भी आरोप लगाया है. 

ICC की प्रतिक्रिया

ICC की एंटी-करप्शन यूनिट ने डॉक्यूमेंट्री के बारे में जानकारी होने की पुष्टि की है. हालांकि, अपने मानक प्रक्रिया का हवाला देते हुए उन्होंने किसी भी आरोप पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. ICC के अस्थायी इंटीग्रिटी यूनिट के जनरल मैनेजर एंड्र्यू एफग्रेव ने कहा कि संगठन अपने नियमों के अनुसार ही कार्रवाई करता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो