Rinku Singh threat: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिलने की सनसनीखेज खबर सामने आई है. मुंबई की क्राइम ब्रांच ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह धमकी दाऊद इब्राहिम के गैंग (डी-कंपनी) से जुड़ी हुई थी. रिपोर्ट के अनुसार, इस साल फरवरी से अप्रैल के बीच रिंकू सिंह की प्रमोशनल टीम को गैंग से तीन धमकी भरे मैसेज भेजे गए थे. इन संदेशों में रिंकू सिंह से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी.
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सचमुच रिंकू सिंह को धमकी दी थी. इस गिरफ्तारी से मामला और स्पष्ट हुआ कि धमकी देने के पीछे अंडरवर्ल्ड का हाथ है.
रिंकू सिंह हाल ही में एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे हैं. उन्होंने टूर्नामेंट के फाइनल मैच में विजयी रन लगाकर टीम को जीत दिलाई थी. लेकिन इसी सफलता के बीच उन्हें अंडरवर्ल्ड की धमकी मिलना काफी चिंता का विषय बन गया.
मुंबई पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने रिंकू सिंह को फोन के माध्यम से संपर्क किया और फिरौती की मांग की. यह मामला खिलाड़ियों और उनके सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है.
पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले दोनों आरोपी वेस्टइंडीज से गिरफ्तार किए गए हैं. इन आरोपियों के नाम मोहम्मद दिलशाद और मोहम्मद नवीद हैं. वेस्टइंडीज ने दोनों को 1 अगस्त को भारत को सुपुर्द किया था.
पुलिस ने ये भी बताया कि इन आरोपियों को पहले पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद उनके बेटे जीशान सिद्दीकी से 10 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में पकड़ में लिया गया था. इसी दौरान दोनों आरोपियों में से एक ने खुलासा किया कि उन्होंने रिंकू सिंह को भी कॉल कर धमकी दी और फिरौती की मांग की.
मुंबई क्राइम ब्रांच ने धमकी के मामले में तुरंत कार्रवाई की. दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की तह तक जाने का काम शुरू किया गया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से खेल और खिलाड़ियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है.
First Updated : Thursday, 09 October 2025