ऋषभ पंत की दिल्ली में वापसी पर कप्तान अक्षर पटेल ने कहा 'मैं जो बोलूंगा, तुझे वही करना है'

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने बुधवार को डीसी की ओर से शेयर किए गए वीडियो में कहा कि बतौर कप्तान मुझे बस इतना पता है कि उसे पूरी आजादी मिलेगी। हमारा रिश्ता वैसे भी कप्तान और खिलाड़ी वाला कभी नहीं रहा।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में 'घर वापसी' हो गई है। वह दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करने के बाद फिर से डीसी में लौटे हैं। हाई-प्रोफाइल ट्रेड में दिल्ली ने स्पिनर कुलदीप यादव को एलएसजी को दिया और बदले में पंत को वापस लिया। पंत 15 करोड़ रुपये में दिल्ली लौटे हैं, जबकि एलएसजी ने 2025 ऑक्शन में उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। कुलदीप 13.50 करोड़ की मौजूदा फीस पर लखनऊ चले गए। पंत की वापसी पर दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने एक दमदार मैसेज दिया है।  

'हमारा रिश्ता कप्तान और खिलाड़ी वाला कभी नहीं रहा'   

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने बुधवार को डीसी की ओर से शेयर किए गए वीडियो में कहा कि बतौर कप्तान मुझे बस इतना पता है कि उसे पूरी आजादी मिलेगी। हमारा रिश्ता वैसे भी कप्तान और खिलाड़ी वाला कभी नहीं रहा। जब वह यहां था तो मेरा कप्तान भी था। वह मुझे लीड करता था। हमारे बीच कभी ऐसा नहीं रहा कि मैं कप्तान हूं और मैं जो बोलूंगा तुझे वही करना है। हम हमेशा आपसी समझ से काम करते थे। उसे भी पता है कि वह सीनियर प्लेयर है। मुझे भी पता है कि मैं सीनियर हूं। हमारे बीच हमेशा म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग रही है कि किसी भी स्थिति में वह क्या कर सकता है और क्या नहीं।  

'दिल्ली तुम्हारा घर है, बस एन्जॉय करो'   

अक्षर ने आगे कहा कि एक दोस्त के रूप में और कप्तान के तौर पर मैं उससे बस इतना कहना चाहूंगा कि उस पर मेरी या फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई एक्स्ट्रा प्रेशर नहीं है। दिल्ली उसका घर है। वह कई साल दिल्ली से खेला है। मुझे उसे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। मेरी तरफ से उसे पूरी फ्रीडम मिलेगी। बस एन्जॉय करो। तुम्हारा जो नेचुरल कैरेक्टर और स्टाइल है, उसे एन्जॉय करो। फॉर्म टेम्पररी होती है, लेकिन क्लास परमानेंट होती है। और तुम उस कैटेगरी के प्लेयर हो। हमारी तरफ से तुम्हें फुल फ्रीडम है। बस अपना गेम खेलो और एन्जॉय करो।  

LSG में कैसा रहा पंत का सफर  

बता दें कि पंत ने 2016 से 2024 के बीच डीसी के लिए 111 मैच खेले। वह 2021 से 2024 तक टीम के कप्तान भी रहे और 43 मैचों में दिल्ली की अगुआई की। एलएसजी के साथ उनका प्रदर्शन कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। आईपीएल 2025 में टीम छह जीत और आठ हार के साथ सातवें स्थान पर रही। आईपीएल 2026 और खराब रहा। पंत की कप्तानी में लखनऊ 10 टीमों की लीग में सबसे नीचे रही। टीम को 14 मैचों में सिर्फ चार जीत मिलीं। बल्ले से भी पंत संघर्ष करते दिखे। 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 269 रन बनाए और 2026 में 312 रन जोड़े।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो