आईपीएल 2025 के फाइनल आज फैन्स का इंतजार खत्म होने वाला है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम सात बजे टॉस होगा, क्रिकेट फैन्स की नजर दोनों टीमों की प्लेइंग 11 पर होगी. खिताबी टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच होने वाली है. दोनों ही टीमें पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने की कोशिश में मैदान में उतरेंगी, जिससे मुकाबले की रोमांचकता कई गुना बढ़ गई है.
इस अहम मुकाबले से पहले आरसीबी को एक बड़ा झटका लग सकता है. खबरें हैं कि टीम के स्टार ओपनर फिल साल्ट इंग्लैंड लौट गए हैं और फाइनल में खेलना मुश्किल हो सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साल्ट पिता बने हैं और वह अपने पहले बच्चे के जन्म के मौके पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए स्वदेश लौटे हैं.
सोमवार को आरसीबी की ट्रेनिंग सेशन के दौरान साल्ट नजर नहीं आए, जिसके बाद उनकी अनुपस्थिति को लेकर अटकलें शुरू हो गईं. हालांकि, टीम प्रबंधन की ओर से अब तक इस विषय में कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
अगर साल्ट फाइनल मुकाबले में नहीं खेलते हैं, तो उनकी जगह न्यूजीलैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम सीफर्ट को टीम में शामिल किया जा सकता है. सीफर्ट भी एक आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज़ हैं और तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं. उनकी बल्लेबाजी शैली साल्ट से मेल खाती है, जिससे आरसीबी की रणनीति पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा.
हालांकि आरसीबी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि साल्ट फाइनल में नहीं खेलेंगे, लेकिन उनकी प्रैक्टिस में अनुपस्थिति और इंग्लैंड रवाना होने की खबरें इस ओर इशारा कर रही हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी आज रात के मुकाबले में किन खिलाड़ियों के साथ उतरती है.
आरसीबी के प्रशंसकों के लिए यह खबर निराशाजनक हो सकती है, लेकिन टीम के पास मजबूत बैकअप विकल्प मौजूद हैं. आज का मुकाबला आईपीएल इतिहास में नया चैम्पियन तय करेगा, ऐसे में सभी की नजरें अब अंतिम एकादश पर होंगी. First Updated : Tuesday, 03 June 2025