'दिल्ली की सड़कों पर पानी भरा है, लेकिन नलों में पानी नहीं है...', आतिशी ने बीजेपी सरकार पर उठाए सवाल
AAP नेता आतिशी ने दिल्ली में मानसून के बावजूद पानी की किल्लत और जल संकट को लेकर CM रेखा गुप्ता को पत्र लिखा और तुरंत समाधान की मांग की. उन्होंने भाजपा सरकार और दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए.

AAP Atishi: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली में पानी की कमी की समस्या दूर करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि मानसून में भी दिल्ली के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं. कालकाजी, बदरपुर और साउथ-सेंट्रल दिल्ली समेत कई इलाकों में नलों में पानी सूख चुका है. दिल्ली की सड़कों पर जलभराव होने के बावजूद नलों में पानी नहीं है. आतिशी ने इसे भाजपा सरकार की बदइंतज़ामी बताया.
घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जल संकट
आतिशी ने पत्र में लिखा कि दिल्ली के कई घनी आबादी वाले हिस्सों जैसे कालकाजी, बादरपुर, ओखला, दक्षिण और मध्य दिल्ली में अज्ञात कारणों से लोग भीषण जल संकट का सामना कर रहे हैं.
मानसून में जलभराव और पानी की किल्लत पर चिंता
आतिशी ने मानसून में सड़कें जलमग्न होने और नलों में पानी नहीं होने की ओर ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने कहा कि भारी वर्षा होने के बावजूद दिल्ली के लोग प्रतिदिन पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
भाजपा सरकार और जल बोर्ड की कार्यक्षमता पर सवाल
आतिशी ने भाजपा सरकार और दिल्ली जल बोर्ड की तैयारी और कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अगर मानसून में ये स्थिति है तो आने वाली गर्मियों में दिल्ली का क्या होगा. उनका कहना था कि दिल्ली जल बोर्ड का कार्यभार संभाले छह महीने हो चुके हैं और अब सरकार बहानेबाजी नहीं कर सकती.
चार इंजन की सरकार पर कटाक्ष
आतिशी ने कहा कि रविवार को CM रेखा गुप्ता प्रधानमंत्री और हरियाणा के CM के साथ थीं. फिर भी दिल्ली के लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जनता इसलिए परेशान है क्योंकि उन्होंने भाजपा पर विश्वास किया.


