Video: 'इतनी गोली मारूंगी कि...', यूपी में महिला ने पेट्रोल पंप कर्मी पर तानी पिस्तौल
हरदोई के बिलग्राम में एक महिला ने सीएनजी पंपकर्मी से बहस के बाद पिस्तौल तान दी और धमकी दी कि इतनी गोली मारूंगी कि घरवाले भी पहचान नहीं पाएंगे.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रविवार देर शाम एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सीएनजी भरवाने आई एक महिला ने मामूली कहासुनी के बाद कर्मचारी पर पिस्तौल तान दी. महिला ने धमकी देते हुए कहा कि इतनी गोली मारूंगी कि घरवाले भी पहचान नहीं पाएंगे. ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महिला समेत 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने महिला के पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
मामूली कहासुनी बनी विवाद का कारण
घटना बिलग्राम क्षेत्र के पसनेर पेट्रोल पंप की है, जहां एक कार सीएनजी भरवाने आई थी. कार में एक पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं. पंपकर्मी रजनीश ने सुरक्षा कारणों से उन्हें कार से उतरने को कहा. इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. कहासुनी के दौरान कार में बैठी महिला अचानक उग्र हो गई. उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली और पंप कर्मचारी रजनीश की छाती पर तान दी. इस दौरान उसने धमकाते हुए कहा कि इतनी गोली मारूंगी कि घरवाले पहचान नहीं पाएंगे. घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
"इतनी गोली मारूंगी कि घरवाले भी पहचानने से इनकार कर देंगे"
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) June 16, 2025
UP के जिला हरदोई में एक कार में CNG भरनी थी। सेल्समैन से कार सवारों को नीचे उतरने को कहा। इस पर विवाद हुआ। महिला ने सेल्समैन के सीने पर रिवॉल्वर तान दी।
महिला अरीबा खां, हुस्नबानो, एहसान खां पर FIR दर्ज, रिवॉल्वर जब्त। pic.twitter.com/KuLAjg48CM
मां-बाप भी विवाद में शामिल
पंप कर्मचारी ने बताया कि महिला की मां हुस्नबनो और पिता एहसान ने भी उससे हाथापाई की और धमकियां दीं. आरोपी महिला की पहचान सुरीश खान उर्फ अरीबा पुत्री एहसान खां के रूप में हुई है. पंपकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया. पुलिस ने महिला और उसके माता-पिता को हिरासत में लेते हुए उनके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं. एफआईआर में धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस और 30 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला को पिस्तौल लहराते देखा जा सकता है. हालांकि, ‘JBT News’ इसकी पुष्टि नहीं करता. लोग एक महिला द्वारा इस तरह के आक्रामक व्यवहार को लेकर हैरानी जता रहे हैं.


