'जहां हैं, वहीं रुक जाएं', IMD अलर्ट के बाद प्रशासन का बड़ा आदेश, केदारनाथ यात्रा पर लगी अस्थायी रोक

उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है. बता दें, मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

Yashika Jandwani

हरिद्वार: उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है. बता दें, मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. वहीं अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा.

सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश

गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि राज्य के कई पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है. ऐसे में यात्रा मार्ग पर किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए फिलहाल यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है. इस दौरान ऋषिकेश और श्रीनगर समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए गए हैं.

यात्रा मार्ग पर बढ़ी निगरानी 

बता दें, रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार रात से लगातार बारिश जारी है. आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, केदारनाथ धाम और पूरी केदार घाटी में मौसम बेहद खराब बना हुआ है. इसी कारण हजारों यात्रियों को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे होल्डिंग क्षेत्रों में रोका गया है. वहीं केदारनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है. इसके साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें भी पूरी तरह सतर्क हैं और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रख रही हैं. 

इन क्षेत्रों में भी हो रही बारिश 

केवल केदारनाथ ही नहीं, बल्कि बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है. बद्रीनाथ क्षेत्र के नर-नारायण और नीलकंठ पर्वतों पर बर्फबारी हो रही है जबकि हेमकुंड साहिब में भी लगातार हिमपात दर्ज किया गया है. इसके अलावा चमोली जिले के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में पिछले चार महीनों के दौरान सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है. हालांकि मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है. 

केदारनाथ यात्रा का बना नया रिकॉर्ड 

बता दे, इस साल केदारनाथ यात्रा 22 अप्रैल, 2026 से शुरू हुई है और यात्रा शुरू होने के महज 39 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं. इसी के साथ यह चारधाम यात्रा के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो