रात में चुराता, सुबह लौटाता, महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार
पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि वह रात के समय महिलाओं के कपड़े चुराता था और बाद में उन्हें वापस रखकर नए अंडरगारमेंट ले जाता था. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इंदिरानगर थाना क्षेत्र में महिलाओं के अंडरगारमेंट लगातार गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि वह रात के समय महिलाओं के कपड़े चुराता था और बाद में उन्हें वापस रखकर नए अंडरगारमेंट ले जाता था. उसकी यह पूरी हरकत एक छिपे हुए कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की.
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान असम निवासी अब्दुल हुसैन के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि वह देर रात घरों की छतों या कपड़े सुखाने वाली जगहों पर पहुंचकर महिलाओं के अंडरगारमेंट चुरा लेता था. आरोप है कि अगले दिन वह पहले चुराए गए कपड़े वापस रख देता और उनकी जगह नया अंडरगारमेंट लेकर चला जाता था.
यह अजीब घटना होयसला नगर में रहने वाली दो युवतियों के साथ लगातार हो रही थी. उन्होंने देखा कि रात में उनके नए अंडरगारमेंट गायब हो जाते थे, जबकि पहले चोरी हुए कपड़े अगले दिन उसी स्थान पर वापस मिल जाते थे. बार-बार ऐसा होने पर दोनों को शक हुआ कि कोई जानबूझकर यह हरकत कर रहा है. सच्चाई का पता लगाने के लिए युवतियों ने अपनी छत पर एक हिडन कैमरा लगा दिया. पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई की रात करीब तीन बजे कैमरे में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं. वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
मामले की विस्तृत जांच जारी
पूर्वी बेंगलुरु के डीसीपी डॉ. विक्रम अमाथे ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी के व्यवहार के पीछे मनोवैज्ञानिक फेटिश की आशंका जताई गई है. फिलहाल पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. अब तक इस तरह की दो घटनाओं की पुष्टि हुई है, लेकिन यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य इलाकों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया था या नहीं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच के दौरान और पीड़ित सामने आते हैं, तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं. मामले की विस्तृत जांच फिलहाल जारी है.


