भाजपा की बोई नफरत से सरकारी सिस्टम भी अछूता नहीं, बिहारी-पूर्वांचलियों को बना रहा निशाना: महाबल मिश्रा

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जाफरपुर में ‘बिहार’ होने पर युवक की गोली मार की गई हत्या के लिए वर्षों से समाज के अंदर बोई गई भाजपा की नफरत को जिम्मेदार ठहराया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता महाबल मिश्रा ने कहा कि भाजपा की बोई गई नफरत से अब सरकारी सिस्टम भी अछूता नहीं है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जाफरपुर में ‘बिहार’ होने पर युवक की गोली मार की गई हत्या के लिए वर्षों से समाज के अंदर बोई गई भाजपा की नफरत को जिम्मेदार ठहराया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता महाबल मिश्रा ने कहा कि भाजपा की बोई गई नफरत से अब सरकारी सिस्टम भी अछूता नहीं है. सिस्टम में भी यह जहर घुल चुका है और बिहारी-पूर्वांचलियों को निशाना बनाया जा रहा है.

आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग

25 अप्रैल को जाफरपुर में पुलिसकर्मी का ‘‘बिहारी’’ जानकर युवक को गोली मारना भाजपा की बोई गई नफरत का ही परिणाम है. सालों से भाजपा के लोग दिल्ली में रह रहे पूर्वांचलियों को ‘गंदा, बिहारी, विकास रोकने वाला’ कह कर अपमानित कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी और एक करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए.

गुरुवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर महाबल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली के जाफरपुर क्षेत्र में 25 अप्रैल की रात को जो घटना घटी है, वह बहुत दुखद है. जिस तरह बिहारी शब्द का उपयोग करके नफरत पैदा करने वाली बात की गई और गोली मारी गई, यह बहुत ही कष्ट की बात है. इस घटना में पांडव नाम के लड़के की मौत हो गई है और शंकर नाम का लड़का गंभीर हालत में दीनदयाल अस्पताल में भर्ती है. इस तरह की नफरती भावना पहले समाज में थी, लेकिन अब प्रशासन में भी दिखाई देने लगी है. प्रशासनिक अधिकारी जनता के रक्षक हैं, वो भी भक्षक बन गए हैं. वे नाम नहीं पूछते, बल्कि यह पूछते हैं कि कहां के रहने वाले हो और बिहार का नाम सुनकर उस पर गोली चला देते हैं. समाज में फैली इस तरह की नफरती भावना बेहद निंदनीय है.

महाबल मिश्रा ने कहा कि यह नफरत भाजपा ने पैदा की है. भाजपा के तत्कालीन महापौर कहा करते थे कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों का रहन-सहन गंदा है और वे राजधानी के माहौल को खराब करते हैं, इसलिए उन्हें दिल्ली आने से रोका जाए. विजय गोयल ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी, ताकि बिहार और उत्तर प्रदेश के छात्रों का दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला न हो सके.

2014 में विजय गोयल ने राज्यसभा में कहा था कि प्रत्येक वर्ष दिल्ली में पूर्वांचल के करीब छह लाख लोग आते हैं और इनके आने से विकास रुक जाता है. इसलिए इन पर प्रतिबंध लगाया जाए. भाजपा ने शुरू से जो नफरत की भावना फैलाई है, वह आज प्रशासनिक अधिकारियों में भी आ गई है. आज रक्षक ही भक्षक बन गए हैं, जो बड़े दुख की बात है.

महाबल मिश्रा ने क्या कहा? 

महाबल मिश्रा ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने मेहनत-मजदूरी करके दिल्ली को मजबूत करने में अपना बहुत बड़ा योगदान दिया है. वे यहां सिर्फ आईएएस, आईपीएस, पत्रकार या नेता बनकर नहीं आए हैं, बल्कि यहां मेहनत-मजदूरी करके दिल्ली को आगे बढ़ाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है. आज उसी पूर्वांचल के लोगों को यह कहकर गोली मारना कि उन्होंने यहां आकर सब लूट लिया है और अपना मकान बना लिया है, यह बहुत ही अफसोस की बात है.

उन्होंने कहा कि जब बाहरी लोग दिल्ली में बस रहे थे, तब भाजपा नेताओं ने मुकदमा किया था कि इससे दिल्ली का नुकसान हो जाएगा. 2006 में सीलिंग का कानून आया और फैक्ट्रियां-मकान बंद हुए, जिससे 27 लाख बिहारियों को उस समय दिल्ली से भागना पड़ा था. इस तरह शुरू से ही भाजपा की सोच समाज में नफरत फैलाने की रही है. अब समाज की वह भावना प्रशासनिक अधिकारियों में भी आ गई है और रक्षक ही भक्षक बन गए हैं, जो बहुत दुख की बात है.

महाबल मिश्रा ने मांग की कि भाजपा इस बात पर ध्यान दे कि भविष्य में इस तरह की घटना न घटे. आरोपी पुलिस अधिकारी पर अविलंब और त्वरित कार्रवाई हो. पीड़ित परिवार किराए के मकान में रहता है, और घर चलाने वाला सिर्फ पांडव ही था. वह सुबह-शाम मोटरसाइकिल चलाकर या किसी और के यहां काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था. उस लड़के की मौत हो गई है और अब उस परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है. पिता के दो बेटे थे, जिनमें से एक पांडव था और दूसरे बेटे को टीबी की बीमारी है. इसलिए वह कोई सहारा नहीं बन सकता. मृतक के मां-बाप भी मजदूरी का काम करते थे. इसलिए उस परिवार का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है.

आम आदमी पार्टी की सरकार से मांग

आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि उस परिवार के किसी एक व्यक्ति को नौकरी दी जाए और उन्हें एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए, जिससे उस परिवार की स्थिति सुधर सके. भविष्य में इस तरह की घटना न घटे, इसके लिए सरकार, पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को सचेत करने की आवश्यकता है.

महाबल मिश्रा ने कहा कि अधिकारियों को ऐसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए. दिल्ली किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं है, बल्कि दिल्ली पूरे हिंदुस्तान की है. हिंदुस्तान के सभी निवासी यहां आते हैं. यहां रहने वाले सभी लोग मूल रूप से दिल्ली के नहीं हैं, बल्कि वे दिल्ली के बाहर से ही आकर यहां बसे हैं. दिल्ली को सुदृढ़ करने में बाहरी लोगों का बहुत बड़ा योगदान है. भाजपा के लोग आखिर कब तक पूर्वांचल के लोगों को बिहारी और पुरबिया कहकर अपमानित करते रहेंगे? दिल्ली को मजबूत करने में हमारा बहुत बड़ा योगदान है. इसलिए इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उस परिवार को अविलंब सहायता मिलनी चाहिए.

महाबल मिश्रा ने कहा कि घटना 25 अप्रैल को घटी थी और आज चार दिन हो गए हैं, लेकिन वहां के भाजपा सांसद और स्थानीय विधायक उनके घर पर कल ही पहुंचे हैं. मैं दो दिन पटना में था, लेकिन जब मुझे पता चला तो मैं, विनय मिश्रा, संजीव झा और हमारी स्थानीय प्रतिनिधि पूजा बलियान, दीपक बोरा तथा अन्य सभी लोग तुरंत वहां पहुंचे. हम लोग बाहर थे, फिर भी वहां से तुरंत भागकर आए. 25 अप्रैल को घटना घटने के बावजूद वहां के सांसद और स्थानीय विधायक तब पहुंचे, जब हम लोग बुधवार को वहां गए. यदि भाजपा नेताओं की पूर्वांचल और बाहरी लोगों के प्रति भावना इतनी ही अच्छी होती, तो वे पहले दिन ही, रात में या अगली सुबह वहां पहुंच जाते.

महाबल मिश्रा ने आगे कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, इनकी नफरत लगातार बढ़ती जा रही है. 1993 में भी जब दिल्ली में भाजपा की सरकार थी, तब भी उन्होंने नफरत फैलाई थी. पिछले कुछ समय से देखा जा रहा है कि झुग्गियों में रहने वाले बिहार, उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान के अन्य राज्यों के लोगों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी बताकर उनकी झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं. इतने सालों बाद भी वही नफरत फैलाकर झुग्गियां तोड़कर लोगों को बाहर भगाया जा रहा है. आखिर यह नफरत कब तक चलेगी? भाजपा नफरत न फैलाएं और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाएं. इससे देश समृद्धशाली होगा और उसे मजबूती मिलेगी.

वहीं, “आप” के दिल्ली पूर्वांचल विंग के अध्यक्ष अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि 25 अप्रैल की रात को ढाई बजे जिस तरीके से जफरपुर गांव में क्षेत्र का नाम पूछकर और क्षेत्रीयता से नफरत करते हुए गोली चलाई गई, पांडव की यह हत्या पूरी तरह से एक सरकारी हत्या है. एक पुलिस अधिकारी के मन में पूर्वांचल के लोगों के लिए इतनी घृणा और इतनी नफरत तभी देखी जा सकती है, जब दिल्ली में चल रही भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की नीतियां ऐसी हों.

भाजपा नेता विजय गोयल कहा करते थे कि पूर्वांचल के लोग दिल्ली को गंदा करते हैं. यह बात उनकी पूर्वांचल और बिहार विरोधी मानसिकता को दर्शाती है और वह मानसिकता इस चार इंजन वाली सरकार में अब संस्थाओं तक पहुंच गई है. संस्था और पुलिस के लोगों में इतनी नफरत आ गई है कि यह पूछकर कि वह व्यक्ति बिहार का है, उसे गोली मार दी गई. इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है.

अखिलेश पति त्रिपाठी ने क्या कहा? 

अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि मृतक का एक और साथी कृष्णा अभी घायल अवस्था में है. पूर्वांचल और बिहार के लोगों के इस अपमान को आम आदमी पार्टी बिल्कुल सहन नहीं करेगी. भाजपा नेता वही लोग हैं जो कहा करते थे कि वे सत्ता में आएंगे तो पूर्वांचल के लोगों का भला करेंगे, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस चार इंजन वाली सरकार ने सबसे ज्यादा झुग्गियों को गिराने का काम किया है. इन्होंने लोगों के आशियाने उजाड़कर उन्हें दिल्ली से भगाने का काम किया है. रेहड़ी-पटरी लगाकर पूर्वांचल के लोग रोजगार करते थे, भाजपा ने उनके रोजगार को उजाड़ने का काम किया है. 

उन्होंने कहा कि अब नफरत इतनी फैला दी गई है कि हर संस्था के लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों तक यह नफरत फैल गई है. अगर इस तरह की कोई घटना फिर से देखने को मिली, तो पूर्वांचल का एक-एक व्यक्ति सड़क पर उतरेगा. एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है, लेकिन मुख्यमंत्री को अभी तक इतनी फुर्सत नहीं मिली कि वे जाकर पीड़ित परिवार वालों से मिल सकें. यह पूर्वांचल के लोगों के प्रति यहां की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मानसिकता को दर्शाता है. अगर भाजपा सरकार पीड़ित परिवार को राहत नहीं देती है, तो आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी. हम लोग सड़कों पर उतरेंगे और उस परिवार को न्याय दिलाने का काम करेंगे. उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि गोली मारने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए और एक करोड़ मुआवजा दिया जाए.

उधर, पूर्व “आप” विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि भाजपा का पूर्वांचल प्रेम सबके सामने है. परिवार में हादसा हुए चार दिन हो गए हैं, लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा अभी तक वहां नहीं पहुंचा है. भाजपा नेताओं को पूर्वांचल के लोगों से नफरत है. भाजपा के परिवहन मंत्री बिहार से आते हैं, लेकिन दिल्ली परिवहन निगम की किसी बस पर उनकी तस्वीर नहीं है; वहां केवल मुख्यमंत्री की तस्वीर है. छठ में भी सबने देखा कि मैली और सीवर जैसी यमुना में किस तरीके से भाजपा ने हमारी भावनाओं के साथ खेला, हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ किया और हमारे लोगों को उस सीवर के पानी में डुबकी लगवा दी.

विनय मिश्रा ने कहा कि बिहार के लिए भाजपा का यह छल सबके सामने है. वे सिर्फ वोट लेने के लिए हमें याद करते हैं. दिल्ली में हमारी संख्या ज्यादा है, अगर हमारी संख्या कम होती तो ये हमें दिल्ली से भगा देते. इनका पूर्वांचल प्रेम आज सबके सामने दिख रहा है, यह नफरत कोई पहली बार नहीं है. इनका पुराना इतिहास रहा है कि इन्हें बिहार के लोगों से नफरत है और वह नफरत इन्होंने अधिकारियों में भी फैला दी है.

विनय मिश्रा ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को मुआवजा दे और ऐसे अधिकारियों को संवेदनशील बनाए. अब सरकार को अपने अधिकारियों को यह प्रशिक्षण देना चाहिए कि भारत देश में विभिन्न प्रदेशों के लोग रहते हैं. भारत तमाम प्रदेशों से मिलकर बना एक मिश्रित और सुंदर देश है. इस देश की राजधानी दिल्ली है, और दिल्ली में पूरे भारतवर्ष से लोग आकर बसते हैं. कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक और पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक पूरे देश के लोग यहां रहते हैं.

विनय मिश्रा ने क्या कहा? 

विनय मिश्रा ने कहा कि यहां आपसी सौहार्द बनाना चाहिए, लेकिन भारत की उस खूबसूरती और प्रेम को भाजपा ने नफरत में बदल दिया है. सिर्फ वोट के लिए इस देश में इतनी नफरत फैलाई जा रही है और आपस में लोगों को बांटा जा रहा है. यह आने वाले समय के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है. मैं भाजपा से मांग करता हूं कि वह पीड़ित परिवार को मुआवजा दे, उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे और उनके रहने की व्यवस्था करे. मुख्यमंत्री जी से मेरी यह मांग है कि वे नाटक न करें. वे उस परिवार से जाकर मिलें और कम से कम उन्हें ढांढस बंधाएं, ताकि उन्हें लगे कि दिल्ली में कोई उनका हितैषी भी है.

विनय मिश्रा ने बताया कि आम आदमी पार्टी के तमाम नेता वहां पहुंच रहे हैं और वे उन्हें आर्थिक मदद भी करेंगे. मैं आम आदमी पार्टी का सदस्य हूं, लेकिन एक पूर्वांचली और बिहार का नागरिक होने के नाते मैं आम आदमी पार्टी के उन तमाम नेताओं का धन्यवाद करता हूं जो वहां जाकर उस परिवार से मिल रहे हैं और उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो