5 बीवियां और ऐशो आराम की जिंदगी... 4 शादी कराने के बाद फर्जी दरोगा फिर बना 'दूल्हा' तो हो गया खेला
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवक ने खुद को थानेदार बताकर पांच शादियां की और दहेज में ढाई लाख रुपये भी लिए. जब उसकी पत्नी को उसकी असलियत का पता चला, तो ससुरालवालों ने उसे घर से निकाल दिया. पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को थानेदार बताकर पांच शादियां की. जैसे ही उसकी असलियत सामने आई, दूल्हा फरार हो गया और अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
ससुराल पहुंचते ही हुआ बड़ा खुलासा
नवविवाहिता जब अपने ससुराल पहुंची, तो उसने पाया कि उसका पति पहले से चार शादियां कर चुका था. इसके अलावा, यह भी सामने आया कि वह कोई थानेदार नहीं था. जब उसने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो ससुरालवालों ने उसकी पिटाई की और घर से निकाल दिया.
दहेज में ढाई लाख रुपये ऐंठे, अब शिकायत दर्ज
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने शादी से पहले उसके पिता से ढाई लाख रुपये भी दहेज के रूप में ऐंठे थे. शादी के समय उसने खुद को एक थानेदार बताया, जिससे पीड़िता के परिवार को विश्वास हो गया कि वह वास्तव में पुलिस सेवा में है. लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पीड़िता की दुनिया ही पलट गई. अब वह न्याय की मांग कर रही है.
चार अन्य पत्नियों ने भी दर्ज करवाया मुकदमा
जब पीड़िता के परिवार ने आरोपी की जांच की, तो पता चला कि आरोपी युवक की चार अन्य पत्नियां हैं, जिन्होंने पहले ही कोर्ट में मुकदमा दर्ज करवा रखा है. ये चारों पत्नियां अलग-अलग जगहों पर रह रही हैं और उनकी शिकायतें भी दर्ज हैं.
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की पूरी जांच की जाएगी.


