बिहारी होने की वजह से गुरुग्राम में युवक को बुरी तरह पीटा, थप्पड़-मुक्कों से बेहोश किया; दोस्तों ने बचाई जान
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 में बिहार के युवक आदित्य राज पाण्डेय को भाषा को लेकर ताने मारने के बाद शराबियों ने बुरी तरह पीटा, थप्पड़ और मुक्कों से उसे बेहोश कर दिया.

गुरुग्राम: गुरुग्राम में भाषा और राज्य को लेकर ताने देने के बाद बिहार के एक युवक को बुरी तरह पीटा गया. पीड़ित को तब तक थप्पड़ और मुक्के मारे गए जब तक वह बेहोश नहीं हो गया. यह घटना दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है.
क्या था पूरा मामला?
मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के संदेरा गांव के रहने वाले आदित्य राज पाण्डेय गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 में किराए पर रहते हैं. वे सेक्टर-48 की एक टेलीपरफॉर्मेंस कंपनी में काम करते हैं. 20 मई 2026 की रात करीब 2 बजे उनके सहकर्मी अंश त्यागी ने फोन करके उन्हें दोस्त जोएल के कमरे पर बुलाया.
वहां उदय सनसनवाल, निखिल सनसनवाल और एक लड़की पहले से मौजूद थे. कुछ देर बाद जोएल खाने-पीने का सामान लाने चला गया.
भाषा पर विवाद और मारपीट
कमरे में मौजूद उदय और निखिल शराब के नशे में थे. बातचीत के दौरान उन्होंने आदित्य की भाषा और बिहार से होने को लेकर ताने कसने शुरू कर दिए. उन्होंने कहा, “हमें तुम्हारी भाषा समझ नहीं आती.” जब आदित्य ने आपत्ति जताई तो उदय ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. आदित्य के दोस्त अंश त्यागी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपियों ने आपा खो दिया.
उन्होंने आदित्य को घेर लिया और उसके चेहरे, सिर तथा आंखों पर लगातार मुक्के और थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए. जोएल के लौटने पर अंश और जोएल ने मिलकर किसी तरह आदित्य को बचाया.
पीड़ित की हालत और पुलिस कार्रवाई
मारपीट इतनी तेज थी कि आदित्य मौके पर ही बेहोश हो गए. उनके दोस्त उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज चला. कई घंटों बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और सोमवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई. आदित्य ने बताया कि अगर उनके दोस्त समय पर नहीं पहुंचते तो आरोपी उन्हें जान से मार सकते थे. आरोपी जाते वक्त मारने की धमकी भी दे गए.
डीएलएफ फेज-3 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों उदय सनसनवाल और निखिल सनसनवाल की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है. गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.


