दीपक नांदल की गैंग पर बड़ा एक्शन! गुरुग्राम एनकाउंटर में मारे गए 4 शूटर, जानिए विदेश में बैठा कैसे चला रहा नेटवर्क
गुरुग्राम एनकाउंटर में मारे गए चार बदमाश विदेश में बैठे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर दीपक नांदल के गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसने रंगदारी, फायरिंग और हत्या जैसे कई मामलों में पुलिस की वांटेड सूची में जगह बना रखी है.

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में हुए हाई-प्रोफाइल पुलिस एनकाउंटर के बाद एक बार फिर विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम सुर्खियों में है. पुलिस के मुताबिक, नांदल गैंग के चार शूटर मुठभेड़ में मारे गए, जबकि एक घायल हो गया. यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस को हथियारबंद बदमाशों के एक कारोबारी के घर पर हमला करने की सूचना मिली. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई.
कौन है दीपक नांदल?
हरियाणा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के अनुसार, दीपक नांदल देश के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल है. एक आपराधिक मामले में नाम आने के बाद वह भारत छोड़कर पहले दुबई और बाद में ब्रिटेन चला गया.
जांच एजेंसियों का दावा है कि वह विदेश में रहकर सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉल और अपने नेटवर्क के जरिए गैंग संचालित करता है. नांदल पर रंगदारी, हत्या, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित होने के आरोप हैं.
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का था हिस्सा
अपराध की दुनिया में आने से पहले दीपक नांदल हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय था. वह म्यूजिक प्रोड्यूसर और रैपर के तौर पर काम करता था. इस दौरान उसने हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ भी कई लोकप्रिय गानों में काम किया था.
राहुल फाजिलपुरिया से दोस्ती फिर विवाद
एक समय दीपक नांदल को राहुल फाजिलपुरिया का करीबी सहयोगी माना जाता था. बाद के वर्षों में दोनों के बीच विवाद की खबरें सामने आई. सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ पोस्ट में फाजिलपुरिया पर पैसों के लेन-देन को लेकर आरोप लगाए गए और उन्हें धमकियां भी दी गई.
इसके बाद फाजिलपुरिया के करीबी लोगों पर हमलों और हत्या के मामलों में भी नांदल का नाम सामने आया. हालांकि, इन मामलों की जांच अलग-अलग एजेंसियों द्वारा की गई है.
कई मामलों में नाम आने का दावा
दीपक नांदल का नाम गुरुग्राम में कारोबारी प्रतिष्ठानों पर फायरिंग, रंगदारी मांगने और धमकी देने जैसे कई मामलों में सामने आया है. हाल ही में एक सूफी गायक ने भी नांदल के नाम पर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया था, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया.
गैंग पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस
हरियाणा STF पिछले कुछ महीनों से दीपक नांदल गैंग के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. कई कथित शार्पशूटरों और गैंग से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि विदेश में बैठे गैंग संचालकों और उनके नेटवर्क पर भी लगातार नजर रखी जा रही है तथा कानून के दायरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी है.


