गुरुग्राम पुलिस मुख्यालय में तैनात हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल राहुल पर धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगे हैं. आरोपी की पांचवीं पत्नी रश्मि तोमर ने मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में राहुल समेत उसके दो परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
रश्मि तोमर बरेली के गुगई गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं और श्रद्धापुरी, कंकरखेड़ा की निवासी हैं. वे पूर्व वायुसेना अधिकारी की बेटी हैं. उनकी शादी वर्ष 2023 में मुजफ्फरनगर के बधाईकला निवासी राहुल से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार उनके प्रति आक्रामक हो गया. रश्मि ने आरोप लगाया कि राहुल नशे में उनसे मारपीट करता था और अतिरिक्त दहेज की मांग करता था.
शिकायत में रश्मि ने यह भी कहा कि राहुल के बड़े भाई प्रशांत कुमार और उसकी मां सतवीरी ने भी उनके साथ गलत व्यवहार किया और मानसिक उत्पीड़न किया. शादी के लगभग एक साल बाद रश्मि को यह चौंकाने वाला सच पता चला कि राहुल पहले ही चार बार शादी कर चुका है. इससे उन्हें भारी मानसिक आघात पहुंचा. इसी दौरान उन्हें यह भी जानकारी मिली कि राहुल एक और महिला से विवाह करने की योजना बना रहा है. जब रश्मि ने इसका विरोध किया तो राहुल ने बरेली आकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका गर्भपात हो गया. इसके बाद राहुल जबरन रश्मि को कार में बैठाकर मेरठ लाया और उनके मायके के पास छोड़कर फरार हो गया.
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबल राहुल और उसके दो परिजनों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Saturday, 03 May 2025