Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही महागठबंधन (INDIA Bloc) में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव खुद को संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश कर चुके हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी अब तक इस मुद्दे पर स्पष्ट समर्थन देने से बचती नजर आ रही है. कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने सोमवार को स्पष्ट किया कि “उचित समय पर सभी गठबंधन दल मिलकर निर्णय लेंगे.” यह बयान तेजस्वी के उस दावे के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि गठबंधन चुनाव में अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करके ही उतरेगा.
सीट बंटवारे पर बनी हुई है खींचतान
आपको बता दें कि महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरजेडी कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जोकि कुल 243 सीटों में से एक बड़ी संख्या है. इससे कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य सहयोगी दलों को केवल 93 सीटें मिलेंगी. वामदलों की ओर से 40 सीटों पर दावेदारी की बात कही जा रही है, जो 2020 के चुनावी प्रदर्शन के आधार पर तय की गई है.
इस बीच हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के महागठबंधन में शामिल होने की संभावनाओं ने समीकरण को और जटिल बना दिया है.
2020 का प्रदर्शन: RJD आगे, कांग्रेस फिसड्डी
2020 विधानसभा चुनावों में महागठबंधन में सबसे बेहतर प्रदर्शन राजद ने किया था, जिसने 144 सीटों में से 75 पर जीत हासिल की थी. वामदलों में CPI (ML) ने 19 में से 12, CPI ने 6 में से 2, और CPM ने 4 में से 2 सीटें जीती थीं. वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा, जिसे 70 में से सिर्फ 19 सीटों पर ही सफलता मिली थी. इस बार सीट बंटवारे में कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलने की संभावना कम नजर आ रही है, जिसे लेकर पार्टी में असंतोष उभर सकता है.
तेजस्वी का दावा और कांग्रेस की चिंता
तेजस्वी यादव ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से कहा, “क्या हम बीजेपी हैं कि हमारे पास कोई नेता ही नहीं है?” यह बयान कांग्रेस के कुछ नेताओं को रास नहीं आया, जो महागठबंधन की साझा रणनीति पर सवाल खड़े कर सकते हैं. वहीं कांग्रेस अभी भी गठबंधन की एकजुटता को प्राथमिकता देते हुए विवाद टालने की कोशिश कर रही है.
First Updated : Monday, 22 September 2025