श्री अखंड पाठ साहिब के भोग में शामिल हुए CM मान और अरविंद केजरीवाल
भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब की खुशहाली और विकास की कामना करते हुए संगत के साथ अरदास में हिस्सा लिया.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रदेश की खुशहाली और विकास की कामना करते हुए संगत के साथ अरदास में हिस्सा लिया. दोनों नेता गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा दल छावनी में उपस्थित हुए, जहां श्री गुरु तेग बहादुर जी और सिख इतिहास के प्रख्यात शहीद भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद विशेष अरदास की गई.
केजरीवाल ने की पंजाब की उन्नति कामना
मुख्यमंत्री मान और केजरीवाल ने संगत के बीच बैठकर गुरु साहिब के चरणों में सिर नवाया और पंजाब सहित समूचे समाज की उन्नति, आपसी सद्भाव और शांति की कामना की. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच दोनों नेताओं ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत भारतीय इतिहास का ऐसा अध्याय है, जो मानवता, साहस और निस्वार्थ बलिदान की मिसाल पेश करता है. उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य बताया कि उन्हें इस पवित्र स्मृति समारोह का हिस्सा बनने और सेवा का अवसर प्राप्त हुआ.
इस मौके पर संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि सिख गुरुओं ने दुनिया को समानता, भाईचारा और धर्मनिरपेक्षता का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब साहिबान मानवता को सही दिशा दिखाने वाले प्रकाश स्तंभ हैं, जो हर इंसान को न्याय, करुणा और पारस्परिक सम्मान का मार्ग सिखाते हैं. मान और केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की मिट्टी ने ऐसे वीरों को जन्म दिया है, जिन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध दृढ़ता से आवाज उठाई और अपने जीवन को कुर्बान कर दिया. यही साहस और त्याग आज भी पंजाबियों की पहचान है.
राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी पर क्या बोले केजरीवाल और भगवंत मान?
दोनों नेताओं ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाब की महान सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस को भव्य स्तर पर मनाने की अपेक्षा केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में फैले लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की रही है. राज्य सरकार ने इन उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए आयोजन को यादगार बनाने के हर संभव प्रयास किए हैं.
मान और केजरीवाल ने कहा कि इतना पवित्र और ऐतिहासिक अवसर देखने का सौभाग्य मिलना उनके लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं हमेशा समाज को मानवीय मूल्यों और एकता के मार्ग पर अग्रसर करती रहेंगी.


