लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में CM योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों का उद्घाटन किया है. इस दौरान 72 परिवारों को फ्लैटों की चाबी सौंपी गई है. 10 लाभार्थियों को CM योगी ने खुद चाबी दी है. यह फ्लैट माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से मुक्त जमीन पर बनाए गए हैं.
मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व मंत्री सुरेश खन्ना और दिनेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान CM योगी ने आवासीय परिसर में पौधारोपण भी किया. सीएम योगी ने जनसभा को भी संबोधित किया. जनसभा के दौरान CM योगी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर जरुरतमंद लोगों को आवास की चाबी दे रहा हूं. उन्होंने आगे कहा कि यह केवल कार्यक्रम नहीं है, बल्कि संदेश है कि गरीब की, सार्वजनिक या सरकारी भूमि पर किसी माफिया ने कब्जा किया तो उसका यही हाल होगा, जो यहां और प्रयागराज में किया गया है.
वहीं, CM योगी के आधिकारिक एक्स हैंडल कार्यक्रम को लेकर लिखा गया है संदेश स्पष्ट है... अगर गरीबों की व किसी सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर समाज को धमकाने का कार्य करोगे तो लेने के देने पड़ जाएंगे. आज लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर दुर्बल आय वर्ग के 72 परिवारों के लिए निर्मित फ्लैट के आवंटन-पत्र का वितरण किया.इस अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण भी हुआ. सभी परिवारों को हृदय से बधाई.
First Updated : Wednesday, 05 November 2025