बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूती, पुराने नेता पार्टी में लौटे

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिली है. पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद जहांगीर समेत कई पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता पुनः पार्टी में लौट आए हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस पार्टी को एक नई ऊर्जा मिली है. पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद जहांगीर समेत कई पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता पुनः पार्टी में लौट आए हैं. उनके साथ आबिद, बुधरा मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जावेद और अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस में दोबारा सक्रिय होने की घोषणा की.

2019 में नाराज़ हुए थे ये सभी नेता

ये सभी नेता करीब छह साल पहले, 2019 के विधानसभा उपचुनाव के दौरान पार्टी से नाराज़ हो गए थे. उस समय सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद की मां को टिकट दिए जाने को लेकर असंतोष उत्पन्न हुआ था, जिसके चलते कुछ नेताओं ने पार्टी गतिविधियों से दूरी बना ली थी और कुछ ने तो अन्य राजनीतिक दलों का प्रचार भी किया था.

मोहम्मद जहांगीर ने कांग्रेस को लेकर दी प्रतिक्रिया

हालांकि, मोहम्मद जहांगीर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कांग्रेस कभी छोड़ी नहीं थी. उनका कहना है कि उन्होंने कोई पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया, बल्कि केवल राजनीतिक कारणों से सक्रिय राजनीति से कुछ समय के लिए दूरी बना ली थी. अब इन सभी नेताओं की वापसी से कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में एक अहम बढ़त मिल सकती है.

सांसद प्रतिनिधि इमरान, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मास्टर एनामुल और विधायक इजहारूल हुसैन ने इन नेताओं की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इन सभी नेताओं की ‘घर वापसी’ पर सांसद और विधायक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया.

वोटर अधिकार यात्रा में पूर्णिया से भारी भागीदारी

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में सासाराम से शुरू हुई 16 दिवसीय ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में भी पार्टी को अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है. यह यात्रा 1300 किलोमीटर लंबी होगी और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगी. इस यात्रा में महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं.

पूर्णिया से कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोग इस यात्रा में शामिल हुए. यादव ने बताया कि यह यात्रा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि 24 अगस्त को पूर्णिया में भी इस यात्रा का आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारी पूरे जोर-शोर से चल रही है. उनका मानना है कि यह यात्रा जनता को जोड़ने का माध्यम बनेगी और लोकतंत्र को मजबूती देगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag