होली के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने की 15,000 कर्मियों की तैनाती, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
होली 2026 के मौके पर राजधानी में त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहर भर में 15,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

होली 2026 के मौके पर राजधानी में रंगों का उत्साह चरम पर है, लेकिन त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहर भर में 15,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना को रोकना उनकी प्राथमिकता है.
134 प्रमुख चौराहों पर विशेष जांच टीमें
शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए 134 प्रमुख चौराहों पर विशेष जांच टीमें लगाई गई हैं. यहां ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. गंभीर उल्लंघन की स्थिति में चालक का लाइसेंस जब्त कर कम से कम तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान यातायात सुचारू रहे और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, इसके लिए व्यापक योजना तैयार की गई है. संवेदनशील इलाकों और व्यस्त चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा. पुलिस की निगरानी खास तौर पर तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने, लाल बत्ती पार करने, गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाने, एक बाइक पर तीन सवार बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और स्टंटबाजी जैसी गतिविधियों पर रहेगी.
सड़क सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों के तहत शराब पीकर ड्राइविंग, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाना, खतरनाक ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में लाइसेंस जब्त कर अस्थायी निलंबन किया जा सकता है. अधिकारियों ने बताया कि इन नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि त्योहार के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना कम हो.
लापरवाही करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
यदि कोई वाहन नाबालिग या बिना वैध अनुमति वाले व्यक्ति द्वारा चलाया जाता पाया गया, तो संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) ने जानकारी दी कि सभी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं हालात पर नजर रख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत हस्तक्षेप करेंगे.
पुलिस ने यह भी साफ किया है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो या तस्वीरों के आधार पर भी यातायात उल्लंघनों का संज्ञान लिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित वातावरण देना है, ताकि वे होली का त्योहार खुशी और शांति के साथ मना सकें.


