दिल्ली में डिलीवरी बॉय की फ्लाईओवर से नीचे गिरकर मौत, कार चालक टक्कर मारकर फरार
डाबरी फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय राजकुमार की कार की टक्कर से मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.

बाहरी दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय की जान चली गई. मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करता था.
फ्लाईओवर से नीचे गिरा युवक
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7:35 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया है. सूचना मिलते ही जनकपुरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थीं. शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूटी सवार राजकुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था. वह झारखंड के गोड्डा का रहने वाला था. उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कार चालक मौके से फरार
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में शामिल कार चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके.
हादसे की भयावहता का अंदाजा घटनास्थल के वीडियो से लगाया जा सकता है, जिसमें लाल रंग की स्विफ्ट कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है. वहीं स्कूटी कार के नीचे फंसी हुई दिखाई दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह टूट गए.
प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद समय पर उचित मदद नहीं मिल पाने के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी. अगर उसे तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी.
पुलिस ने दर्ज किया केस
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.


