संस्कारों पर खतरा या सोच पुरानी? धीरेन्द्र शास्त्री के शराब वाले बयान से बंटी राय

धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के महिलाओं और शराब को लेकर दिए बयान से सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है. उनकी टिप्पणी पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है, जिससे बहस तेज हो गई है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने महिलाओं और शराब के सेवन को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. उनका बयान तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

सार्वजनिक कार्यक्रम में बोले धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री 

एक सार्वजनिक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा कि आजकल समाज में बदलाव के साथ बड़े और संपन्न परिवारों की महिलाएं भी शराब का सेवन करने लगी हैं. उन्होंने इसे सामाजिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय बताया. उनके मुताबिक, जब घर की माताएं ही इस तरह की आदतें अपनाती हैं तो इसका सीधा असर परिवार और बच्चों के संस्कारों पर पड़ता है. उन्होंने यह भी कहा कि घर का माहौल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाता है. इसलिए माता-पिता का आचरण बेहद महत्वपूर्ण होता है.

अपने भाषण में उन्होंने आगे कहा कि जिन परिवारों में महिलाएं शराब पीती हैं, वहां बच्चों के व्यवहार और सोच पर भी नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है. उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ी के लिए नुकसानदेह बताते हुए समाज को इस दिशा में सोचने की जरूरत बताई. हालांकि, उनके इस बयान को कई लोगों ने एकतरफा और विवादास्पद करार दिया है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ बयान 

शास्त्री का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. वीडियो क्लिप्स के जरिए लोग उनके बयान पर टिप्पणी कर रहे हैं. कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, तो वहीं कई यूजर्स इसे महिलाओं के प्रति अनुचित और रूढ़िवादी सोच बता रहे हैं. खासतौर पर उनके उस व्यंग्यात्मक कथन पर ज्यादा विवाद हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर मां खुद शराब पीती है, तो वह बच्चों को भी उसी दिशा में ले जा सकती है.

यह पहली बार नहीं है जब धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों को लेकर विवादों में आए हों. इससे पहले भी वे धर्म, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर दिए गए अपने बयानों के कारण चर्चा में रह चुके हैं. हाल ही में छत्रपति शिवाजी से जुड़ा उनका बयान भी काफी सुर्खियों में रहा था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो