हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सोझा के पास जलोड़ा इलाके में दिल्ली के पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर गहरी खाई में लुढ़क गया. इस दुर्घटना में 23 पर्यटक सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए. घायलों को बंजार अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है.
सभी पर्यटक जलोड़ी जोत घूमने के बाद दिल्ली लौट रहे थे. शनिवार को हुए इस भयावह हादसे में फिसलन और प्रतिकूल मौसम को मुख्य वजह बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से बाहर निकालने का काम शुरू किया.
मौसम खराब होने और सड़क पर फिसलन के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा. वाहन इतनी तेजी से खाई में गिरा कि उसके परखच्चे उड़ गए. बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि हादसे के सही कारणों की जांच की जाएगी.
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. मृतकों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस के अनुसार हादसा टैंपो ट्रैवलर चालक लियाकत हुसैन की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ.
अभिनव मोदी (21 वर्ष), कुरुक्षेत्र, हरियाणा
कर्ण (35 वर्ष), दिल्ली
कियान (5 वर्ष), दिल्ली
मोहित (30 वर्ष), नई दिल्ली
गिनी (3 वर्ष), नई दिल्ली
आदित्य नरायण (21 वर्ष), ओडिशा
लियाकत हुसैन (37 वर्ष), जम्मू-कश्मीर (चालक)
आंचल (25 वर्ष), करौली, राजस्थान
मधुप शर्मा (23 वर्ष), जयपुर, राजस्थान
आयुशी शर्मा (26 वर्ष), पुणे, महाराष्ट्र
रोहित मेहरा (25 वर्ष), कोटा, राजस्थान
फिजा (24 वर्ष), सीकर, राजस्थान
आर्य जैन (24 वर्ष), मलेरकोटला, पंजाब
निकिता (27 वर्ष), नई दिल्ली
हरदीप सिंह (24 वर्ष), लखनऊ, उत्तर प्रदेश
दीनू सैफी (26 वर्ष), अमरोहा, उत्तर प्रदेश
शशी (पता नामालूम)
अनुराग (21 वर्ष), जयपुर, राजस्थान
अर्णव (24 वर्ष)
पुलिस ने ट्रैवलर ड्राइवर लियाकत हुसैन के खिलाफ थाना बंजार में मुकदमा नंबर 25/2026 धारा 281, 125(a) BNS के तहत दर्ज कर लिया है. First Updated : Sunday, 05 April 2026