गुजरात के सुरेंद्रनगर स्थित बंगले में लगी भीषण आग, पति-पत्नी की जलकर मौत
गुजरात के लिंबडी में एक बंगले में आग लगने से दंपति की मौत हो गई, जबकि दो लोग मामूली रूप से घायल हुए. आग लगने की वजह एसी में खराबी या मोबाइल बैटरी फटने की आशंका जताई जा रही है.

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के लिंबडी शहर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक रिहायशी बंगले में अचानक आग लगने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, यह घटना शहर की वोरा सोसाइटी में स्थित एक घर में देर रात हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया.
डिप्टी एसपी विशाल रबारी ने क्या कहा?
लिंबडी डिवीजन के डिप्टी एसपी विशाल रबारी ने बताया कि हादसे के वक्त घर में रहने वाले शब्बीर लोखंडवाला और उनकी पत्नी रसीदा लोखंडवाला अपने बेडरूम में सो रहे थे. आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों को संभलने या बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका. जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली और राहत कार्य शुरू हुआ, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना में घर के अन्य दो सदस्यों को भी आग और धुएं के कारण हल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि एयर कंडीशनर में आई किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और तकनीकी टीम इस पहलू को गहराई से परख रही है.
मृतकों के परिजनों का दावा
वहीं, मृतकों के परिजनों ने एक अलग दावा किया है. उनका कहना है कि घटना के समय दंपति का मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा हुआ था और संभवतः बैटरी फटने से आग की शुरुआत हुई. परिजनों के अनुसार, सबसे पहले सोफे में आग लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से कमरे में फैल गया और देखते ही देखते पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया.
फिलहाल पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर घरेलू सुरक्षा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


