मोदी सरकार लाई पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता ईंधन, दिल्ली में खुला पहला E85 पंप
पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने ऐसा ईंधन लॉन्च किया है जो पेट्रोल से करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता है।

नई दिल्ली: पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने ऐसा ईंधन लॉन्च किया है जो पेट्रोल से करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली के पुसा रोड स्थित इंडियन ऑयल आउटलेट पर देश का पहला E85 फ्यूल स्टेशन शुरू किया।
क्या है E85 फ्यूल?
E85 में 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। इथेनॉल ज्यादा होने की वजह से कच्चे तेल पर निर्भरता कम होती है और लागत भी घट जाती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह देश के तेल आयात बिल को घटाएगा और किसानों को फायदा पहुंचाएगा, क्योंकि इथेनॉल कृषि उत्पादों से बनता है।
फिलहाल E85 सामान्य पेट्रोल गाड़ियों में नहीं चल सकता। इसके लिए फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली गाड़ियां जरूरी हैं। ग्राहकों को कोई कन्फ्यूजन न हो इसलिए डिस्पेंसर पर अलग ब्रांडिंग और लेबलिंग की गई है।
दिल्ली में कीमत और प्लान!
दिल्ली में E85 की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर रखी गई है। यह मौजूदा E20 पेट्रोल से करीब 20 रुपये सस्ता है, जिसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल मिलाया जाता है।
सरकार का प्लान है कि दिल्ली एनसीआर, मुंबई, पुणे और नागपुर में 50 से 100 E85 स्टेशन शुरू किए जाएं। हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक यह नेटवर्क 2026 के अंत तक 500 स्टेशनों तक पहुंच सकता है। अगर यूरो 6 स्टैंडर्ड वाहनों को E100 यानी शत प्रतिशत इथेनॉल के अनुकूल बना दिया जाए तो देश का करीब 120 अरब डॉलर का कच्चा तेल आयात बिल कम हो सकता है।
भारत की इथेनॉल नीति को मिला बढ़ावा
भारत पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य हासिल कर चुका है। इससे आयात पर निर्भरता कम हुई है और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे फ्लेक्स फ्यूल वाहनों की संख्या बढ़ेगी, E85 भारत में सस्ते और स्वदेशी ईंधन के रूप में बड़ा विकल्प बनेगा।
सरकार का फोकस अब किसानों की आय बढ़ाने, पर्यावरण बचाने और विदेशी तेल पर निर्भरता घटाने पर है। E85 उसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में अगर ऑटो कंपनियां ज्यादा फ्लेक्स फ्यूल वाहन लॉन्च करती हैं तो आम लोगों को भी सस्ते ईंधन का सीधा फायदा मिलेगा।


