पंजाब में अकाली दल नेता के 2 बेटों समेत 8 दोषियों को उम्रकैद, पंचायती जमीन विवाद में हत्याकांड का मामला
फतेहगढ़ साहिब कोर्ट ने 24 जून 2020 को चनारथल खुर्द में कुलविंदर सिंह की हत्या के मामले में 8 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई. इस घटना का कारण पंचायती जमीन विवाद था, जिसमें कुलविंदर सिंह की मौत हुई और 4 लोग घायल हुए. आरोपियों में शिरोमणि अकाली दल के पूर्व जिला जत्थेदार के बेटे भी शामिल हैं.

फतेहगढ़ साहिब कोर्ट ने 24 जून 2020 में गांव चनारथल खुर्द में कुलविंदर सिंह की हत्या मामले में 8 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई. इनमें से दो आरोपी शिरोमणि अकाली दल के पूर्व जिला जत्थेदार स्वर्ण सिंह चनारथल के बेटे हैं. यह घटना पंचायती जमीन विवाद के कारण हुई थी, जिसमें सरपंच गुरबाज सिंह समेत 4 लोग घायल हो गए थे और कुलविंदर सिंह की मौत हो गई थी. कोर्ट ने इस मामले में चनारथल खुर्द के रहने वाले गुरमुख सिंह, बलविंदर सिंह, अर्शदीप सिंह, गुरजीत सिंह, गुरमुख सिंह, कुलवंत सिंह, जगदीप सिंह और जसदीप सिंह को सजा सुनाई. इसके अलावा आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया गया है.
फैसले की प्रक्रिया और घटनाक्रम
24 जून 2020 को अर्शदीप सिंह और अन्य दोषी तीन गाड़ियों में चनारथल खुर्द सेवा केंद्र के पास पहुंचे और उनके पास बंदूक, रिवाल्वर और तेज धार हथियार थे. उन लोगों ने गोलियां चलाई, जिसमें कुलविंदर सिंह की मौत हो गई और 4 अन्य लोग घायल हुए. पुलिस ने 25 जून 2020 को इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी. इस मामले में एक आरोपी पुलिस हिरासत में था और 7 जमानत पर थे. लेकिन फतेहगढ़ साहिब सेशन कोर्ट ने 28 जनवरी को अन्य सात आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले लिया. इसके बाद इन सभी 8 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई. पीड़ितों द्वारा मुआवजे की भी मांग की गई है. कोर्ट ने इसमें और क्या आदेश दिया है यह फैसले की कॉपी मिलने के बाद पता चलेगा.
पंचायत की जमीन को लेकर विवाद
शिकायतकर्ता गुरबाज सिंह ने इसे लेकर बताया कि झगड़ा पंचायत की जमीन को लेकर था. अकाली नेता का बेटा गुरमुख सिंह गांव का पूर्व सरपंच था. उन्होंने अपने सरपंच कार्यकाल के दौरान कुछ जमीन हस्तांतरित की थी. लेकिन नई पंचायत के गठन के बाद पंचायत ने इसे अवैध घोषित कर दिया और अदालत में चुनौती दी. इसी रंजिश के चलते 24 जून 2020 को हमला किया गया था. आज कोर्ट ने आरोपी को सजा सुनाई, जिसके बाद उन्हें न्याय मिला है.


