मध्य प्रदेश: रतलाम में खाद लूट कांड के शिकायतकर्ता ने की आत्महत्या, इनकी शिकायत पर कांग्रेस विधायक पर दर्ज हुआ था केस

रतलाम जिले में चर्चित खाद लूट कांड में विधायक मनोज चावला और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाला फरियादी मध्य प्रदेश विपणन संघ का गोदाम संचालक भगतराम यदु अपने ऑफिस में फांसी पर लटका मिला

Dheeraj Dwivedi

रतलाम जिले में चर्चित खाद लूट कांड में विधायक मनोज चावला और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाला फरियादी मध्य प्रदेश विपणन संघ का गोदाम संचालक भगतराम यदु अपने ऑफिस में फांसी पर लटका मिला। भगतराम के फांसी के फंदे पर लटकने का कारण अभी तक पता नहीं चला है। मौके पर पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं और जांच के बाद ही कारण का पता चल पाएगा।

गौरतलब है कि, 10 नवंबर 2022 को सर्वर की समस्या होने से यूरिया खाद किसानों को नहीं मिल पाया था। बता दें कि कई किसान गोदाम पर कतार लगाकर खाद मिलने के इंतजार में खड़े थे। वहीं जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादोन, विधायक मनोज चावला आदि गोदाम पहुंचे थे।

विधायक और गोदाम कर्मचारियों के बीच खाद वितरण को लेकर तीखी बहस भी हुई थी। विधायक पर आरोप है कि विधायक ने किसानों से खाद ले जाने का कहा था। इस बीच कई किसान खाद की बोरियां ले जाने भी लगे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली थी। बता दें कि कुछ समय बाद जब स्टॉक मिलाया गया तो उसमें 28 बोरियां कम पाई गई थी।

इसको लेकर गोदाम संचालक भगतराम यदु (53 वर्ष) ने विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ खाद लूट की एफआईआर दर्ज कराई थी। प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने उसी दिन कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादोन को गिरफ्तार कर लिया था। विधायक ने दो माह बाद इंदौर अदालत में सरेंडर किया था। वहीं पुलिस ने कुछ दिन पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी जेल में हैं।

भगतराम रात में घर नहीं पहुंचा -

बता दें कि सोमवार को गोदाम संचालक भगतराम ड्यूटी गया था, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह उसकी पत्नी तलाश करते हुए जब उनके ऑफिस पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। पत्नी ने खिड़की से अंदर झांका तो भगतराम फंदे पर लटका दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही हैं। बता दें कि प्राथमिक तौर पर उसके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag