'मेरी जान को खतरा है', रौशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप, नार्को टेस्ट की उठाई मांग

पटना कोचिंग विवाद में रौशन आनंद ने खान सर पर अपने भाई प्रिंस यादव की मौत में साजिश, फायरिंग करवाने और राजनीतिक संरक्षण पाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले में उन्होंने CBI जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पटना: चर्चित कोचिंग विवाद में नया मोड़ आ गया है. ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत किसी बीमारी के कारण नहीं हुई, बल्कि यह एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह जेल में थे, उसी दौरान उनके भाई की हत्या करवाई गई, जिसमें खान सर और मकान मालिक आर.एस. प्रसाद की भूमिका की जांच होनी चाहिए.

सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

रौशन आनंद ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई. उनका कहना है कि उनकी जान को खतरा है और जेल में रहते हुए भी एक गार्ड के जरिए उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी. उन्होंने पटना पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.

पुलिस पर राजनीतिक दबाव का आरोप

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खान सर ने ही कोचिंग संस्थान के बाहर हुई कथित फायरिंग की घटना को अंजाम दिलवाया, लेकिन पूरे मामले का दोष उन पर डाल दिया गया. रौशन आनंद के अनुसार, पुलिस ने राजनीतिक दबाव में बिना पर्याप्त जांच के उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जबकि खान सर के खिलाफ कार्रवाई करने में देरी की गई.

नार्को टेस्ट की मांग 

रौशन आनंद ने दावा किया कि खान सर को किसी प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस उनके खिलाफ सख्त कदम नहीं उठा रही. उन्होंने खान सर के नार्को टेस्ट की मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जेल भेजने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए और कुछ वित्तीय लेन-देन की भी जांच होनी चाहिए.

प्रिंस यादव की मौत की सीबीआई जांच की मांग

उन्होंने सरकार से दो प्रमुख मांगें रखीं. पहली, प्रिंस यादव की मौत की सीबीआई जांच कराई जाए और दूसरी, शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

दूसरी ओर, खान सर ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है. एक वीडियो संदेश में उन्होंने प्रिंस यादव के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सहायता का भरोसा दिया. उन्होंने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक किए जाने की मांग की है.

गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हिंसक झड़प, पथराव और कथित गोलीबारी की घटना सामने आई थी. इस मामले में रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. बाद में खान सर पर भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ. फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो