मध्य प्रदेश: फिर आया उमा भारती को गुस्सा, आखिर किस कॉपीराइट की बात कर रही थीं बीजेपी की फायरब्रांड नेता..?

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है, उमा भारती ने कहा है कि भगवान राम और हनुमान जी पर बीजेपी का कॉपीराइट नहीं है, उनकी भक्ति कोई भी कर सकता है

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है, उमा भारती ने कहा है कि भगवान राम और हनुमान जी पर बीजेपी का कॉपीराइट नहीं है, उनकी भक्ति कोई भी कर सकता है। बता दें कि छिंदवाड़ा पहुंची उमा भारती से जब एक पत्रकार ने सवाल पूछा कि, भाजपा राम और हनुमान जी की बात करती है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी छिंदवाड़ा में एक हनुमान जी का दिव्य मंदिर बनवाया है।

इस पर जवाब देते हुए उमा भारती ने कहा कि भाजपा के पास कोई राम भगवान या हनुमान जी का कॉपीराइट नहीं है। जब भाजपा और जनसंघ का कोई अस्तित्व नहीं था, तब भी भगवान राम और हनुमान जी थे। यहां हर व्यक्ति को भगवान की भक्ति करने का अधिकार है, जब कुछ कांग्रेसियों ने राम मंदिर के लिए दान दिया था, तो उस समय भी कुछ भाजपा के लोगों ने उनका मखौल उड़ाया था।

मैंने उस समय भी विरोध किया था कि भगवान राम और हनुमान जी पर किसी का कॉपीराइट नहीं है। राम भक्तों का कोई मजाक नहीं बना सकता। उमा भारती ने कहा कि, लोकतंत्र में धर्म जाति और समुदाय के हिसाब से वोट नहीं मांगे जा सकते अगर हर हिंदू भाजपा को वोट देता तो हम अभी हिमाचल का चुनाव नहीं हारते।

इसलिए ऐसा नहीं है कि देश का हर हिंदू भाजपा को वोट देता है या दूसरा समुदाय भाजपा को वोट नहीं देता, हर राजनीतिक दल का कर्तव्य सभी समाज और धर्म को एक साथ लेकर चलने का है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आगे कहा कि, देश में 3 लॉबी बहुत खतरनाक साबित हो रहीं हैं, जो देश को खोखला कर बर्बाद कर रही हैं।

शराब लॉबी, खनन लॉबी और एक पावर लॉबी है, जो अपनी ताकत का इस्तेमाल कर नदियों में गलत तरीके से खनन और लाइसेंस प्राप्त कर लेती हैं, जिसकी वजह से देश बर्बाद हो रहा है। इन पर लगाम लगाना भी जरूरी है।

राहुल पर भी साधा निशाना -

वहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने तंज कसते हुए कहा कि, राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन वे पहले यह बताएं कि भारत टूटा कब है। भारत के टुकड़े करने वाले तो उस दौर के नेता थे, जब भारत देश का बंटवारा हुआ था।

भारत तो अब पीएम नरेंद्र मोदी के राज में जुड़ रहा है, कश्मीर से धारा 370 समाप्त हो गई। अगर राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा चलानी है तो वह बात करें कि जो पाक अधिकृत कश्मीर है वह भारत के हिस्से में आना चाहिए। राहुल उसकी तो बात नहीं कर रहे हैं, सिर्फ लोगों को गुमराह करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

मध्य प्रदेश: करनी थी बेटी की शादी, दो हीरों के मिलने से पैसों की कमी हो गई पूरी

 

  •  
calender
30 December 2022, 03:18 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो