Nitish and Chandrababu Naidu Iftar: मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने अपने एक बयान में कहा कि मुस्लिम समाज सीएम नीतीश और एन चंद्रबाबू नायडू के इफ्तार से दूरी बना लें. संगठन ने यह कदम वक्फ (संशोधन) विधेयक पर इन नेताओं के रुख को देखते हुए उठाया है. जमीयत प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने आरोप लगाया कि ये नेता सत्ता की भूख में मुसलमानों के खिलाफ हो रहे अन्याय को नजरअंदाज कर रहे हैं और संविधान विरोधी कदमों का समर्थन कर रहे हैं.
मदनी ने कहा कि आजकल देश में जो स्थिति बन रही है, विशेष रूप से मुसलमानों के खिलाफ जो अत्याचार हो रहे हैं, वह किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि वे नेता, जो खुद को धर्मनिरपेक्ष और मुसलमानों के हितों की रक्षा करने वाले बताते हैं, मुसलमानों के वोट से अपनी राजनीतिक सफलता हासिल करने के बाद सत्ता की लालच में चुप्पी साधे हुए हैं. इसके बजाय, वे अप्रत्यक्ष रूप से इस अन्याय को सहमति दे रहे हैं.
मदनी ने यह भी आरोप लगाया कि ये नेता मुसलमानों के खिलाफ हो रहे अन्याय को न केवल नजरअंदाज कर रहे हैं, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन भी कर रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से वक्फ संशोधन विधेयक पर इन नेताओं के रवैये को दोहरा बताया, जो उनके चरित्र को उजागर करता है. इन नेताओं का धर्मनिरपेक्षता का दिखावा सिर्फ मुसलमानों से वोट हासिल करने के लिए है, जबकि सत्ता में आने के बाद वे मुस्लिम समुदाय के मुद्दों को पूरी तरह से नज़रअंदाज कर देते हैं.
इस संदर्भ में, जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने यह निर्णय लिया है कि वे इन नेताओं के आयोजनों में शामिल नहीं होंगे और उनकी नीतियों को समर्थन नहीं देंगे. मदनी ने अन्य मुस्लिम संगठनों से भी अपील की है कि वे इस विरोध में शामिल हों और इन नेताओं के इफ्तार और ईद मिलन जैसे आयोजनों से दूर रहें. First Updated : Friday, 21 March 2025