Voter Adhikar Yatra: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू यादव रविवार को अपने पुराने अंदाज में जनता के बीच नजर आए. इंडिया ब्लॉक की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के शुभारंभ से पहले आयोजित जनसभा में लालू ने भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया. इसके साथ ही, कहा कि अब भाजपा को बिहार में घुसने नहीं देना है. लालू यादव ने सभा को संबोधित करते हुए जनता से कहा कि सभी लोग एक हो जाइए. राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और हम सबको एकजुट होकर भाजपा को उखाड़ फेंकना है. लोकतंत्र को मजबूत होने दीजिए. उनके इस भाषण के दौरान पुरानी कहावतों का इस्तेमाल कर उन्होंने सभा को और भी जीवंत बना दिया.
लालू यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि लागल-लागल झुलनिया में धक्का, बलम कलकत्ता चलल.... ये कहते ही सभा स्थल पर मौजूद भारी भीड़ तालियों और जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाने लगी. लालू की सक्रियता को देखकर तेजस्वी यादव, राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं के चेहरे भी खिल उठे. इसका वीडियो बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया है.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये लड़ाई केवल चुनाव के लिए नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है. उन्होंने कहा कि हम वोट की सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं. वोट काट-काटकर अपनी हुकूमत चलाने वाले लोगों को उखाड़ फेंकना है. उन्होंने लोगों से गठबंधन दलों के साथ मजबूती से रहने की अपील की और विश्वास जताया कि सरकार जरूर बदलेगी.
खरगे ने चुनाव आयोग पर भाजपा का एजेंट होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और RSS गरीबों, युवाओं और महिलाओं के लिए खतरनाक हैं. उन्होंने कहा कि RSS महिलाओं के वोटिंग अधिकार नहीं चाहती. भाजपा वाले हर मोड़ पर लोगों को परेशान कर रहे हैं. खरगे ने बिहार के लोगों से वोट चोरी के खिलाफ एक बार फिर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया और कहा कि आज बिहार के 65 लाख लोगों के वोट काट दिए गए.
First Updated : Monday, 18 August 2025