अमृतसर और उसके आसपास के गांवों में बुधवार देर रात रहस्यमय धमाकों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. जेठवाल, दुधला, माखनविंदी और पंधेर गांवों में रात करीब 1:15 बजे रॉकेट जैसे उपकरण गिरने की सूचना सामने आई है. इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया, जबकि जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके में ब्लैकआउट लागू कर दिया.
पुलिस और सेना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में ये आशंका जताई जा रही है कि ये रॉकेट पाकिस्तान की ओर से दागे गए हो सकते हैं, जिन्हें भारतीय वायु सेना ने आसमान में ही मार गिराया. उनके अवशेष कई गांवों के खेतों में गिरे पाए गए हैं.
अमृतसर के एसएसपी (देहाती) मनिंदर सिंह ने पुष्टि की कि बुधवार रात 4 अलग-अलग धमाकों की सूचना मिली, जिसके बाद आर्मी को सूचित कर इलाके की घेराबंदी कर दी गई. पुलिस के अनुसार, कई गांवों में रॉकेट जैसे अवशेष खेतों में गिरे हुए मिले हैं. कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि उन्होंने आसमान से जलते हुए रॉकेट खेतों में गिरते हुए देखे.
जैसे ही रॉकेट के टुकड़े बरामद हुए, सेना की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. विशेषज्ञों का कहना है कि ये रॉकेट संभवतः सीमा पार से लॉन्च किए गए थे, लेकिन भारतीय वायु सेना ने उन्हें हवा में ही निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया. जांच में ये भी देखा जा रहा है कि क्या ये घटनाएं हालिया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद की जवाबी कार्रवाई का हिस्सा हो सकती हैं.
पंजाब के बठिंडा जिले के अकलिया गांव में मंगलवार देर रात गेहूं के खेत में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि ये धमाका एक लड़ाकू विमान के क्रैश होने के कारण हुआ. सेना और पुलिस इस मामले की अलग से जांच कर रही है.
हाजीपुर ब्लॉक के घगवाल गांव में मंगलवार रात एक व्यक्ति के घर के आंगन में गीजर जैसी आकृति वाला एक रहस्यमय उपकरण गिरा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. डिवाइस पर TEST PORT SEEKER और एक सीरियल नंबर अंकित था. डीएसपी कुलविंदर सिंह के अनुसार, ये किसी विमान का तकनीकी हिस्सा प्रतीत होता है, जिसे जांच के लिए वायुसेना की टीम अपने साथ ले गई है.
जालंधर में भी देर रात एक तेज धमाके की खबर आई थी, लेकिन डीएसपी आदमपुर के अनुसार ये धमाका भोगपुर के पास हाईवे पर ट्रक का टायर फटने से हुआ था, जिससे लोगों में अनावश्यक भय फैल गया.
गौरतलब है कि भारतीय सेना द्वारा हाल ही में पीओके और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से सरहदी इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है. इन रहस्यमय घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद कर दिया है. First Updated : Thursday, 08 May 2025