यूपी सरकार ने पेश किया बजट, सुरेश खन्ना ने कहा- प्रति व्यक्ति आय बढ़ी

यूपी सरकार ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश किया. राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये के आकार का बजट प्रस्तुत किया.

calender

उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश किया. राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये के आकार का बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह प्रावधान प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देगा.

 राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत

सुरेश कुमार खन्ना ने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है. प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है और बेरोजगारी दर घटकर 2.24 प्रतिशत पर आ गई है. वित्त मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार के पिछले कार्यकाल और मौजूदा कार्यकाल के दौरान प्रदेश में व्यापक बदलाव देखने को मिला है. कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने से लेकर बुनियादी ढांचे के विस्तार, औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, किसानों की आय में सुधार और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में निरंतर प्रयास किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के त्वरित अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 30.25 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है. प्रति व्यक्ति आय 1,09,844 रुपये तक पहुंच गई है, जो वर्ष 2016-17 में 54,564 रुपये थी. आगामी वित्त वर्ष 2025-26 में इसके 1,20,000 रुपये तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगभग 6 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही है.

कृषि क्षेत्र का उल्लेख

कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में कृषि उत्पादन के मामले में अग्रणी है. गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा जैसी फसलों के उत्पादन में राज्य का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान है. सिंचित क्षेत्र में भी वृद्धि दर्ज की गई है. वर्ष 2016-17 में जहां सिंचित क्षेत्र 2.16 करोड़ हेक्टेयर था, वहीं 2024-25 तक इसमें लगभग 60 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है. फसल सघनता भी 162.7 प्रतिशत से बढ़कर 193.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है.

ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि ताप विद्युत उत्पादन क्षमता 5,878 मेगावॉट से बढ़कर 9,120 मेगावॉट हो गई है. साथ ही राज्य में 2,815 मेगावॉट सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है.

बजट पेश होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट विकसित भारत-2047 की परिकल्पना और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार सिद्ध होगा. उन्होंने इसे लगातार दसवीं बार प्रस्तुत किया जा रहा सर्वसमावेशी विकास का बजट बताया. First Updated : Wednesday, 11 February 2026